Virat Kohli on MS Dhoni Retirement: आईपीएल 2024 में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच वर्चुअल नॉकआउट मुकाबला खेला जाना है। इस मैच से पहले आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर बड़ी बात कही है। कोहली ने कहा कि ये शायद आखिरी बार होगा जब फैंस मुझे और धोनी को एकसाथ खेलते देखेंगे। कोहली के इस बयान से फिर से इस बात को हवा मिल गई है कि धोनी का ये शायद आखिरी सीजन होगा। 

विराट कोहली ने जियो सिनेमा से बातचीत में कहा, "फैंस के लिए धोनी को स्टेडियम में खेलते देखना बहुत बड़ी बात है। शायद मेरे साथ धोनी को आप आखिरी बार खेलते देखें। कुछ पता नहीं कि क्या होगा। लेकिन, स्पेशल चीज है। हमारे पास कुछ बेहतरीन यादें हैं, भारत के लिए कुछ बेहतरीन पार्टनरशिप की है। फैंस के लिए हमें एक साथ खेलते देखना का शानदार मौका है।"

धोनी को किसी की बातों से फर्क नहीं पड़ता: कोहली
धोनी के बारे में बात करते हुए, कोहली पीछे चले गए, जब दोनों ने भारत को कई मौकों पर जीत दिलाई। कोहली ने रन चेज के दौरान धोनी का मानसिकता को लेकर कहा कि धोनी ऐसे व्यक्ति थे जो उनकी रणनीति के बारे में बाकी दुनिया जो कह रही थी उससे अप्रभावित रहते थे। लोग माही भाई (महेंद्र सिंह धोनी) के बारे में भी यही कहते थे। वह खेल को 20वें या 50वें ओवर तक क्यों ले जा रहे हैं। लेकिन उन्होंने भारत के लिए कितने मैच खत्म किए। 

'धोनी मैच को आखिरी ओवर तक खींचकर ले जाते'
कोहली ने आगे कहा, "वह शायद इकलौते शख्स हैं, जो जानते हैं कि वो क्या कर रहे हैं और वह वहां से खेल खत्म कर रहा हैं। वह जानते हैं कि अगर वह मैच को आखिरी ओवर तक ले गए तो वह गेम जीत जाएंगे।"

आरसीबी के इस बैटर ने अपने खेल को लेकर कहा कि मेरी मानसिकता अलग थी। मैं सोचता था कि मैच को 49वें ओवर (वनडे में) या 19वें ओवर (टी20 में) में खत्म कर दूं। अगर वह अंत में मेरे साथ बल्लेबाजी कर रहे होते तो सोच अलग रहती थी। वो मैच को आखिरी ओवर तक ले जाएंगे, जहां विपक्षी टीम डर के मारे कांप रही होती थी।