नई दिल्ली। यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ वाइजैग के बाद राजकोट टेस्ट में भी दोहरा शतक ठोक दिया। उन्होंने 231 गेंद में अपने 200 रन पूरे किए। ये उनका लगातार दूसरा दोहरा शतक है। इससे पहले, यशस्वी ने विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 209 रन बनाए थे। राजकोट टेस्ट की इस पारी के दौरान यशस्वी ने भारत की तरफ से एक पारी में सबसे अधिक छक्के लगाने का नवजोत सिंह सिद्धू (9) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

वहीं, यशस्वी ने एक सीरीज में भारत की तरफ से सबसे अधिक छक्के मारने का रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोहित ने 2019-20 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 19 छक्के मारे थे। इसके साथ ही यशस्वी ने एक और खास क्लब में अपनी जगह बनाई है। वो टेस्ट में दो दोहरे शतक जमाने वाले भारत के दूसरे सबसे युवा बैटर बन गए। यशस्वी ने 22 साल 49 दिन की उम्र में अपना दूसरा दोहरा शतक ठोका है। भारत के लिए विनोद कांबली ने 21 साल 54 दिन की उम्र में दो दोहरे शतक ठोके थे। ये रिकॉर्ड आज भी कायम है। 

विनोद कांबली ने भी लगातार दो दोहरे शतक ठोके थे। वो भी मुंबई से ही आते थे और आज यशस्वी जायसवाल ने भी लगातार दो दोहरे शतक ठोक कांबली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले, यशस्वी जायसवाल राजकोट टेस्ट के तीसरे दिन 104 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। लेकिन, चौथे दिन जब वो बैटिंग के लिए उतरे थे। तो उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग की और चौके-छक्कों की बरसात कर डाली। 

यशस्वी ने अपनी इस पारी के दौरान जेम्स एंडरसन के ओवर में लगातार तीन छक्के मारे थे। ये एंडरसन के करियर में दूसरी बार हुआ, जब किसी बैटर ने उनके खिलाफ लगातार तीन छक्के मारे। अपने 200 रन के पूरे करने के दौरान यशस्वी ने 10 छक्के और 14 चौके मारे। यानी 24 गेंद में ही उन्होंने 116 रन ठोक डाले।