Bihar Political Update: बिहार में सप्ताहभर से जारी सियासी घमासान के बीच नीतीश कुमार ने रविवार दोपहर राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। नीतीश ने  महागठबंधन सरकार में सब ठीक न चलने की बात कहते हुए पाला बदलने की वजह बताई। नीतीश के इस्तीफे के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक हुई और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी विधायक दल के नेता और विजय सिन्हा उप नेता चुने गए। उपनेता सिन्हा ने कहा, राजद की विदाई कर पुन: सुशासन स्थापित करने के लिए हम संकल्पित हैं। 

 BJP नेताओं की प्रतिक्रिया 

मेरे लिए भावुक क्षण: सम्राट चौधरी
बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा, यह मेरे लिए भावुक क्षण है। आज सरकार में काम करने के लिए विधानमंडल के नेता के तौर पर मेरा चयन किया गया। मैं पार्टी नेतृत्व और सभी विधायकों का धन्यवाद देता हूं। 

एनडीए विधायक दल की होगी बैठक: शाहनवाज
भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा के विधायक दल की बैठक हो गई। सम्राट चौधरी को भाजपा के विधायक दल का नेता चुना गया है। उप नेता विजय सिन्हा को चुना गया है। अब सभी भाजपा विधायक एनडीए विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।

...तो बंगाल बन जाता बिहार: संजय जयसवाल
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल ने कहा कि जिस तरह से दिसंबर में परिस्थितियां बन रही थीं, उससे बिहार बंगाल के समान हो जाता। जहां व्यक्ति को डर के साये में जीना पड़ता। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार के हित में निर्णय किया है। 

INDIA का नेतृत्व हड़पना चाहता है कांग्रेस: त्यागी 
JDU नेता केसी त्यागी ने कहा, कांग्रेस का एक भाग INDIA गठबंधन के नेतृत्व को हड़पना चाहता है। 19 दिसंबर की बैठक में साजिश के तहत मल्लिकार्जुन खरगे का नाम नेतृत्व करने के लिए सुझाया गया। जबकि, मुंबई की बैठक में कहा गया था कि बिना किसी का नाम आगे किए INDIA गठबंधन काम करेगा। कांग्रेस पार्टी सर्वाइवल के दौर से गुजर रही है। 

नीतीश कुमार के फैसले का स्वागत है: सुशील मोदी
भाजपा के सांसद और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि हम नीतीश कुमार के फैसले का स्वागत करते हैं। मुझे पहले से पता था कि आरजेडी और जेडीयू का अलाएंस अननैचुरल था। हम खुश हैं, जेडीयू और भाजपा मिलकर सरकार बनाएंगे। 

नीतीश और लालू की अलग-अलग पहचान: मरांडी 
झारखंड भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, नीतीश कुमार और लालू यादव के गठबंधन के साथ ही लग रहा था कि संबंध ज्यादा नहीं चल पाएगा। आज सच साबित हुआ, क्योंकि नीतीश कुमार और लालू यादव की देश में अलग-अलग पहचान है। एक नॉर्थ पोल तो दूसरा साउथ पोल है।  

जंगलराज स्थापित करना चाहती थी RJD: नित्यानंद राय 
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि RJD के लोग  नीतीश कुमार को काम नहीं करने दे रहे थे। उनके (राजद)15 साल के शासनकाल में जो जंगलराज स्थापित हुआ था, उसी प्रकार के जंगलराज की कोशिश फिर की जा रही थी। भाजपा बिहार के हित, विकास, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था के लिए नीतीश कुमार के साथ मिलकर सरकार बनाएगी। 

बिहार में करेंगे क्लीन स्वीप: रविशंकर प्रसाद 
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, नीतीश कुमार INDIA गठबंधन के प्रमुख सूत्रधार थे। जब वही कह रहे हैं तो कोई भविष्य है, क्या उसका? प्रधानमंत्री के पद की कोई वैकेंसी नहीं है। लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की जीत होगी। बिहार की 40 में 40 सीटें जीतेंगे।