Nalanda Crime News: बिहार के नालंदा में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरिंदे बेटे ने शुक्रवार (14 फरवरी) की आधी रात मां की गला काटकर हत्या कर दी। सिर को धड़ से अलग कर दिया। हत्या के बाद शव को दफनाने के लिए कपूत बेटे ने दो फीट गहरा गड्ढा खोदा। खुदाई की आवाज सुनकर शनिवार (15 फरवरी) तड़के पिता पहुंचे तो चीखने लगे। पिता ने शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे तो हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। घटना राजगीर थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव की है।
जानिए जघन्य घटना की दर्दनाक दास्तां
सबलपुर गांव निवासी अजीत कुमार नशे का आदि है। पैसों के लिए अजीत अक्सर अपनी पत्नी और माता-पिता से मारपीट करता है। दो दिन पहले अजीत ने अपनी पत्नी के साथ फिर मारपीट की थी। घटना की पता चलने पर अजीत की पत्नी का भाई आया और बहन को मायके लेकर चला गया। इसी बात से परेशान अजीत ने शुक्रवार की रात खौफनाक कदम उठाया।
धारदार हथियार से काटा मां का गला
अजीत ने आधी रात अपनी 75 साल की मां साखो देवी की दर्दनाक हत्या कर दी। अजीत ने धारदार हथियार से मां का सिर धड़ से अलग कर दिया। मां की हत्या के बाद कपूत ने शव को दफन करने के लिए घर में ही गड्ढा खोद लिया। खुदाई की आवाज सुनकर शनिवार तड़के अजीत के पिता मोहन उपाध्याय पहुंचे। पत्नी साखो का शव देखकर होश उड़ गए।
पत्नी का शव देखकर पति चीखा तो खुला राज
मोहन उपाध्याय तुरंत घर से बाहर निकले और शोर मचाने लगे कि अजीत ने अपनी मां की हत्या कर दी है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और आरोपी अजीत को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से हसुली (फसल काटने वाला औजार) भी बरामद किया है। आरोपी ने इसी हाथियार से मां के सिर को धड़ से अलग किया है।
पैसों के लिए मां की हत्या
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने सभी पहलुओं पर छानबीन शुरू कर दी है।शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि अजीत नशे के लिए मां-पिता के साथ मारपीट करता था। संभवत नशे के लिए पैसे नहीं मिलने के कारण उसने मां की हत्या कर दी। पहले भी कई बार मारपीट कर चुका था। बेटे ने मां की हत्या क्यों की? सही कारण जानने पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।