Logo
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय की सहृदयता से सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार मिल सका। पूरा परिवार सीएम का आभार जता रहा है।

जितेंद्र सोनी- जशपुर। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए अजय राम (17) की जान सीएम विष्णुदेव साय की पहल से बच गई। दरअसल, अजय की जान बचाने के लिए डॉक्टर्स को उसका एक हाथ काटकर अलग करना पड़ा। रायपुर में उपचार के बाद स्वस्थ होकर वापस अपने घर पहुंचे अजय राम ने सीएम कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर सीएम साय का आभार व्यक्त किया। 

अजय राम और उसके माता-पिता ने बताया कि, वे जशपुर जिले के कांसाबेल ब्लॉक के बंदरचुवां गांव के रहने वाले हैं। इसी साल मार्च में हुए सड़क हादसे में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर्स ने बेहतर उपचार के लिए रायपुर रिफर किया था। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनके परिजनों ने उपचार के लिए मुख्यमंत्री साय से सहायता मांगी थी। 

तीन महीने तक चला उपचार
 
सीएम विष्णुदेव साय ने इस गरीब परिवार की मदद के लिए अंबेडकर अस्पताल रायपुर में निशुल्क उपचार की व्यवस्था की थी। लगभग तीन महीने के उपचार के बाद अजय स्वस्थ होकर अपने घर बंदरचुवां लौटा और स्कूल भी जाने लगा है। 

लगवाया जाएगा कृत्रिम हाथ, दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनेगा

सीएम साय की इस मदद के लिए उन्हें धनयवाद ज्ञापित करने के लिए अजय अपने माता-पिता के साथ सीएम कैंप कार्यालय पहुंचा। उसने कहा कि, सीएम साय की पहल से मेरी जान बच सकी है। आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार के लिए मेरा इलाज कराना बहुत मुश्किल था। सीएम कैंप कार्यालय ने अजय राम के भविष्य की राह आसान करने के लिए कृत्रिम हाथ और दिव्यांग प्रमाण पत्र की व्यवस्था करने का भी भरोसा दिया है। बच्चे की जान बचाने और उसके भविष्य की चिंता करने के लिए अजय राम के पिता महेश राम ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।
 

5379487