कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही 'बढ़ते कदम' संस्था ने एक और सराहनीय पहल करते हुए बलौदाबाजार के मोक्ष धाम को स्वर्ग रथ प्रदान किया है। यह स्वर्ग रथ किसी भी समाज के व्यक्ति की मृत्यु के उपरांत उसकी अंतिम यात्रा के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। इस रथ का मेंटेनेंस भी संस्था द्वारा ही निःशुल्क किया जाएगा। जिससे जरूरतमंद परिवारों को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना करना नहीं पड़ेगा। आज 7 अप्रैल को इस वाहन को पूज्य सिंधी पंचायत बलौदाबाजार के सदस्यों द्वारा आम जनता के सेवा के लिए पूजा अर्चना कर सौंपा गया।
संस्था द्वारा दी जाने वाली अन्य सुविधाएं
इसके साथ ही बढ़ते कदम संस्था द्वारा डीप फ्रीजर की सुविधा भी दी जाती है। इसकी मदद से शव को 48 घंटे तक सुरक्षित रखा जा सकता है। यह सुविधा विशेष रूप से तब उपयोगी होती है, जब मृतक के दूरस्थ परिजनों को अंतिम दर्शन के लिए समय चाहिए होता है। यह सेवा बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाती है। बढ़ते कदम संस्था समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है। संस्था द्वारा हर वर्ष 26 जनवरी को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। संस्था का उद्देश्य सिर्फ सेवा करना है, न कि किसी प्रकार का लाभ अर्जित करना। जिले में संस्था द्वारा किए जा रहे यह निःस्वार्थ कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है। संस्था का प्रयास है कि समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिले। बढ़ते कदम संस्था का यह समर्पण और सेवाभाव प्रशंसनीय ही नहीं, बल्कि अनुकरणीय भी है।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में जनता की सेवा के लिए मोक्ष धाम को भेंट किया गया स्वर्ग रथ निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। @BalodaBazarDist #Chhattisgarhnews #socialwork pic.twitter.com/9eo0ufQ3xf
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 7, 2025
ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में संजू रोहरा, प्रताप हरीरामानी, ईश्वर हरि रामानी, अशोक पंजवानी, दीपक देवनानी, सुरेश देवनानी समेत अन्य सामाजिक जन उपस्थित थे।