Logo
कैबिनेट की बैठक सोमवार को नवा रायपुर के महानदी भवन स्थित मंत्रालय में होगी। धान खरीदी और राज्योत्सव की तैयारियों सहित ओबीसी सर्वे रिपोर्ट को कैबिनेट की मंजूरी मिलेगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट की बैठक सोमवार को नवा रायपुर के महानदी भवन स्थित मंत्रालय में होगी। इस दौरान धान खरीदी और राज्योत्सव की तैयारियों सहित ओबीसी सर्वे रिपोर्ट को कैबिनेट की मंजूरी मिलेगी। वहीं राज्य सरकार द्वारा नई औद्यागिक नीति तथा राज्य विकास के लिए मिशन-2047 को हरी झंडी मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में भाजपा सरकार नई औद्योगिक नीति पर निर्णय लेगी। 

औद्यागिक नीति 2024-2029 में उद्योगों में निवेश करने वाले उद्योगपतियों को मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा करने के बाद उसे अंतिम रूप दिया जाएगा। वहीं राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए तैयार किए जा रहे मिशन-2047 के प्रावधानों को भी चर्चा के लिए रखा गया है। बजट सत्र के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसे बनाने की घोषणा की था। मामले में राज्य योजना आयोग की विभागों और अन्य संस्थानों से चर्चा के बाद इसे अंतिम रूप दिया जा चुका है अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें...छत पर खेती : सेवानिवृत्त शिक्षिका डॉ.पुष्पा सिंह ने ओंकारेश्वर से लाकर तैयार किया पौधा, 4 से 5 फीट की लौकी बनी खास  

ओबीसी सर्वे रिपोर्ट को मिलेगी मंजूरी

नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर ओबीसी सर्वे कराया था। राज्य सरकार द्वारा बनाए गए पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग ने अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप दी है। रिपोर्ट को कैबिनेट की बैठक में रखने के बाद इसे लागू किया जाएगा। उसके आधार पर ही चुनाव में वार्डों का आरक्षण तय होगा।

धान खरीदी और राज्योत्सव की तैयारी पर चर्चा

राज्य सरकार द्वारा आगामी 14 नवंबर से धान खरीदी किए जाने की घोषणा की गई है। इसके लिए मार्कफेड द्वारा अब तक की गई तैयारियों और फसलों की स्थिति पर चर्चा की जाएगी। वहीं दीपावली त्योहार के चलते राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर के बजाय 4 से 6 नवंबर तक कराए जाने का निर्णय लिया गया है। राज्योत्सव को लेकर अब तक की गई तैयारियों को अंतिम रूप देन पर चर्चा होगी।

5379487