रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने प्रदेश की सरकार को दिशाहीन-अनिर्णय वाली रिमोट सरकार करार देते हुए 25 बिंदुओं पर आरोप पत्र जारी किया है। एक साल के कार्यकाल में प्रदेश की जनता के बदहाल होने और सत्ताधीश भाजपाइयों के मालामाल होने की बात कही गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने निकाय चुनाव में बिगड़ी कानून व्यवस्था को बड़ा मुद्दा बताते हुए  कहा, इससे प्रदेश की आम आदमी डरी हुई है। हत्या, लूट, बलात्कार, चाकूबाजी के कारण राज्य का हर शहर असुरक्षित है। राजधानी से लेकर मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र तक गोलियां चल रही हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हत्याओं का नया रिकॉर्ड बन गया। प्रदेश में मॉब लिंचिंग शुरू हो गई। महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हो गई। सरकार ने सालभर में कोई घोषित नक्सल नीति नहीं बनाई।

कानून व्यवस्था ठप, भ्रष्टाचार हावी 

साय  सरकार जनता की उम्मीदों पर विफल साबित हो चुकी है। सरकार से युवा, किसान, महिला, मजदूर, विद्यार्थी, अनुसूचित जाति, जनजाति समेत हर वर्ग के लोग निराश हैं। राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन का दौर हावी है। स्थानीय निकायों में दोषपूर्ण आरक्षण नीति से ओबीसी वर्ग नाराज है। 3100 रुपए एकमुश्त एवं धान का बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य 112 रुपए कुल 3217 रुपए नहीं मिलने से किसान हताश हैं। गृहमंत्री के गृह जिले के ग्राम लोहारीडीह में एक व्यक्ति की हत्या कर फांसी पर टांग दिया गया और दूसरे व्यक्ति को. घर में जिंदा जला दिया गया। गांव के 169 से अधिक निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमा कर जेल में डाल दिया। बलौदाबाजार में कलेक्टर, एसपी कार्यालय जला दिया गया। 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया, लेकिन एक साल में भर्ती नहीं निकाली गई। 

इसे भी पढ़ें... डिप्टी ने कांग्रेस पर कसा तंज : कहा- आरोप पत्र से जनता को भटका रहे, निकाय चुनाव में भाजपा की होगी जीत

एक साल में नहीं मिला 500 रुपए में गैस सिलेंडर 

भाजपा ने 500 रुपए में सिलेंडर देने  का वादा किया था, 1 साल हो गया, 1 भी महिला को सिलेंडर नहीं दिया गया। यहां भी महिलाएं खुद को ठगा महसूस कर रही हैं। डीजल खरीदी में प्रति लीटर 6.50 रुपए की छूट सिर्फ उद्योगपतियों को दी जा रही है। सत्ता के संरक्षण में जगह-जगह अवैध शराब, गांजा, ड्रग्स, नशीली दवा बिक रही है। जमीन के रजिस्ट्री की गाइडलाइन दरों में कांग्रेस सरकार के समय दी गई 30 प्रतिशत छूट को समाप्त कर दिया, जिससे गरीबों के मकान, प्लाट का सपना टूट गया।

बिजली, रेत और सीमेंट की कीमत बढ़ी 

सालभर में बिजली के दाम 4-4 बार बढ़ाए गए। 1 साल में रेत के दाम 6 गुना, सीमेंट की कीमतें 5-5 बार बढ़ाई गई। 100 दिन में अनियमित/संविदा कर्मियों को नियमित करने की मोदी की गारंटी फेल हो चुकी है। उल्टे बीएड शिक्षकों, विद्यामितान, अतिथि शिक्षक निकाले गये। बेरोजगारी भत्ता बंद, तेंदूपत्ता संग्राहक बीमा योजना बंद, कोदो, कुटकी, रागी खरीदी बंद। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन बंद, पात्र हितग्राही भटक रहे। 

पांच साल में कोई एक काम बता दे कांग्रेस : मूणत 

रायपुर कांग्रेस के आरोप पत्र पर पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा, कांग्रेस ने पांच साल में जितने घोटाले किए, यह इतिहास लिखने लायक है। कई राजनेता जेल के अंदर जा चुके हैं। कई फरारी काट रहे हैं। 5 साल में स्मार्ट सिटी के नाम पर भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस 5 साल में कोई एक काम बता दें। आरोप लगाने से पहले कांग्रेस अपने गिरेबा में झांके। कांग्रेस के आरोप उन पर उल्टे पड़ रहे हैं। महादेव एप, कोयला घोटाला, पीएससी जैसे कई घोटाले कांग्रेस ने किए। कांग्रेसियों पर लगे आरोप तथ्यों के साथ हैं।