Logo
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, सारा देश गर्व करता है तो वे विरोध करते हैं। 

रायपुर। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए हैं। यहां उन्होंने वीआईपी चौक स्थित श्री राम मंदिर में रामलला का दर्शन किया। फिर मंदिर परिसर में झाड़ू लगाया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि, 500 सालों के लंबे संघर्ष के बाद श्री राम मंदिर में प्रवेश करेंगे। हमें सेवा का संकल्प लेकर प्रभु राम के आदर्शों को अपनाना चाहिए। 

कांग्रेस ने अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया है। इस पर मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि, देश में ऐसी कई घटनाएं घटित हुई हैं जब सारा देश गौरवान्वित था तब कांग्रेस अपना विरोधी तेवर दिखा रही थी। इसमें कोई नई बात नहीं है। 

कार्यों में हुई गड़बड़ी की होगी जांच 
जल जीवन मिशन के कार्यों में हुई गड़बड़ी को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह ने कहा कि, बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा होगी। अगर इसमें कोई भी गड़बड़ी पाई जाती है तो निश्चित रूप से इसकी जांच होगी। उन्होंने कहा कि, हम मोदी जी के लक्ष्य के अनुरूप ही काम करेंगे। 

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सोनिया, खड़गे को मिला था न्योता
उल्लेखनीय है कि, कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं को दो सप्ताह पहले कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता मिला था। काफी सोच विचार के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर कहा कि, “एक अर्धनिर्मित मंदिर का उद्घाटन सिर्फ चुनावी लाभ के लिए किया जा रहा है।“

दोनों पार्टियों के बीच जारी है बयानबाजी 
ऐसी तमाम बातें रखकर कांग्रेस ने प्राण-प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ससम्मान ठुकरा दिया। इसे लेकर बीजेपी लगातार कांग्रेस पर निशाना साध रही है। 

5379487