रायपुर। डीडीनगर थाना क्षेत्र में स्थित इंद्रप्रस्थ फेज-2 कॉलोनी में नए साल के पहले दिन सोमवार को एक महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस तथा फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मामले की पड़ताल में जुट गई। महिला की मौत सिर पर चोट लगने की वजह से हुई है। पुलिस के अनुसार किसी ने महिला के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की है। घटना के बाद से मृतका का बेटा गायब है तथा उसका मोबाइल बंद है।


पुलिस के अनुसार 50 वर्षीय पी. नीता राव की उसके मकान के कमरे में लाश मिली है। पुलिस को महिला की हत्या की जानकारी उनके पति पी. गौरी के माध्यम से मिली। मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि वह टाटीबंध में रहता है, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में उसकी पत्नी तथा बेटा रहते थे। वह अपनी पत्नी से कभी-कभी मिलने आता था, इसके अलावा मोबाइल से संपर्क में रहता था। शुक्रवार को सुबह से पी. नीता को उसके पति ने कई बार कॉल किया, लेकिन पी. नीता ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद पी. गौरी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित घर पहुंचा, तब उसने अपनी पत्नी को खून से लथपथ मृत हालत में देखा। इसके बाद पी. गौरी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

बेटा करता था मां से विवाद

प्रारंभिक पड़ताल में पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतका का बेटा पी. नागेश राव अपनी मां के साथ विवाद करता था। घटना के बाद से मृतका का बेटा गायब है और उसका मोबाइल नंबर बंद मिल रहा है। पुलिस को पता चला है कि नागेश नशे का आदी था। उस पर शक किया जा रहा है।