Logo
Exclusive : दुर्ग लोकसभा के प्रत्याशी राजेंद्र साहू से हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने 'सार्थक संवाद' शो में ख़ास बातचीत । यहां देखें वीडियो-

रायपुर। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने कहा कि दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पांच साल में ऐसा कोई काम नहीं किया कि उन्हें जनता याद रखे। रही भारतीय जनता पार्टी की, दस साल से लोग महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हैं। जनता कांग्रेस को अपना पूरा आशीर्वाद देगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अनुरोध किया है कि उन्हें अपना बेटा और भाई समझकर चुनाव में पूरा भरोसा जताएं। चुनावी संवाद कार्यक्रम में हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने राजेंद्र साहू से चर्चा की।

सवाल - पिछले चुनाव में सबसे ज्यादा अंतर से जीतने वाले सांसद विजय बघेल के खिलाफ चुनाव लड़ने की हिम्मत आपने कैसे जुटाई।

जवाब - यहां के मतदाताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से मुझे अवसर मिला है। कांग्रेस पार्टी ने यहां से प्रत्याशी बनाया है। यहां की जनता हमें अपना आशीर्वाद देकर विजयी बनाएगी। पिछले पांच सालों में दुर्ग से सांसद रहते उन्होंने अपने क्षेत्र में कोई ऐसा काम नहीं किया कि जनता उन्हें याद करे।

सवाल - दुर्ग से बड़े-बड़े नेताओं ने चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई। भूपेश राजनांदगांव और ताम्रध्वज महासमुंद चले गए, ऐसा क्यों?

जवाब - कांग्रेस पार्टी ने अपने एक छोटे कार्यकर्ता को यहां से चुनाव लड़ाने का फैसला लिया है। यह बात सामने आई, तो यहां के बड़े नेताओं ने दूसरे स्थानों से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। मैं जिला सहकारी बैंक में अध्यक्ष था, लेकिन अब नहीं हूं। पार्टी का छोटा कार्यकर्ता हूं। मुझे अवसर मिला है, परिणाम सुखद रहेगा।

सवाल - विधानसभा चुनाव में कई सीटों में हार के बाद भी आप सुखद परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं। यह कैसे?

जवाब - सुखद परिणाम की आशा इसलिए कर रहे हैं कि विधानसभा चुनाव के बाद परिस्थिति बदली है। दुर्ग लोकसभा में पाटन और भिलाई नगर कांग्रेस ने जीती है। यहां पर हम 1 लाख 60 हजार वोटों से पीछे हैं। परिस्थितियां बदलती रहती हैं। 2014 में यहां पर कांग्रेस के 7 विधायक होने के बाद भी कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में जीत मिली थी। सांसद का पिछले पांच साल यहां पर कोई अच्छा योगदान नहीं रहा। महंगाई, काला धन वापस लाने, 400 का गैस सिलेंडर 1200 रुपए में मिल रहा है। किसानों पर केंद्र की भाजपा सरकार ने गोलियां चलवाई।

सवाल - 2014 की दलील तर्क संगत है। उस समय कांग्रेस के लिए भाजपा के लोगों ने पसीना बहाया था। अब आप को भी चुनने ऐसा ही होने वाला है क्या?

जवाब - क्षेत्र की जनता से मेरा सतत संपर्क रहा है। छात्रसंघ, किसानों, युवा, बेरोजगारों से लगातार संपर्क रहा है। दुर्ग-बेमेतरा-नवागढ़ तक दौरा करता हूं। कांग्रेस तन-मन-धन से चुनाव लड़ेगी। किसान आदमी हूं, जनता की ओर से चुनाव लड़ रहा हूं।

सवाल - भाजपा देश में 370 सीट जीतने का दावा कर रही है। इसमें दुर्ग रहेगा कि नहीं?

जवाब - भाजपा हवा में बात करती है। उनके लोग इसे उछाल रहे हैं। मीडिया में ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी 2004 की स्थिति बन रही है। मणिपुर में महतारी बहन को निर्वस्त्र घुमाया गया, तब ये लोग कहां थे। महिला पहलवानों पर ज्यादती हो रही थी, तक कहां थे। किसानों को गोली मारी जाती है तब कोई आगे नहीं आता। युवाओं के रोजगार के लिए भाजपा की केंद्र सरकार ने कुछ नहीं किया।

सवाल - प्रदेश की सरकार ने 3 माह में मोदी की कई गारंटियों को पूरा किया है। उनका लाभ तो मिलेगा कि नहीं। 

जवाब - प्रदेश सरकार से मै पूछना चाह रहा हूं कि 14 लाख लोगों को आवास देने की बात कही थी। हितग्राहियों को एक भी किस्त नहीं मिली। किसानों को दिए जाने वाले धान की कीमत बैंकों में नहीं पहुंची। किसान बैंक से लाख रुपए की मांग करता हैं, तो उसे 10- 20 हजार दिया जाता है। बेरोजगारी भत्ता, गोबर खरीदी बंद कर दिया। कांग्रेस सरकार के समय 35 किलो चावल राशन कार्ड में मिलता था, उसे घटाकर 5 किलो कर दिया गया है। लोकसभा चुनाव के बाद कई योजनाएं बंद हो जाएंगी।

सवाल - चुनाव में राम मंदिर का मुद्दा कितना प्रभावी रहेगा। कांग्रेसी भाजपा में प्रवेश कर रहे हैं। इस पर क्या कहेंगे।

जवाब - भगवान राम सबके आराध्य हैं। राम का आशीर्वाद कांग्रेसियों को भी मिलेगा। कांग्रेस के लोगों को भाजपा ईडी-आईटी और सीबीआई का डर दिखा रही है। नेताओं को डरा धमका कर पार्टी प्रवेश करा रहे हैं। भूपेश पर भी ईडी का डर दिखाया जा रहा है, पर वे जांबाज की तरह उनसे लड़ रहे हैं।

सवाल - कई पूर्व सांसदों का टिकट कटता, लेकिन वे और संतोष को दोबारा टिकट इसे कैसे देखते हैं।

जवाब - विजय बघेल केवल भूपेश के विरोध में बोलते हैं। बीएसपी के पूर्व कर्मी रहे विजय ने यहां की समस्याओं के बारे में कभी भी संसद में आवाज नहीं उठाई। यहां के सेक्टर-१ अस्पताल की हालत खराब है। मोतीलाल वोरा, वासुदेव चंद्राकर ने अपने क्षेत्र के लिए प्रयास किया, वैसा अब नहीं हो रहा।


 

5379487