कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं वे मकानों को तो कहीं पर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। वहीं वनांचल क्षेत्र कुदमुरा के चचिया में देर शाम एक दंतैल हाथी आ धमका। वह जंगल से होते हुए सीधे धान खरीदी केंद्र जा पहुंचा। 

हाथी के अचानक आ जाने से केंद्र में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए कमरों में जाकर छुप गए। हाथी चिंघाड़ते हुए काफी देर तक वहां घूमता रहा। फिर बोरियों से धान खाने लगा। 

मौजूद लोग बाल-बाल बचे
इधर घटना की जानकारी ग्रामीणों और वन अमले को दी गई। वहीं केंद्र में मौजूद लोग और चौकीदार डरे हुए थे। फिर वे हाथी को भगाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे। इससे हाथी वहां से निकला और गांव से लगे जंगल के रास्ते चला गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। 

यहां हाथियों का दल कर रहा विचरण
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मानें तो हाथी ने धान खरीदी केंद्र में रखे लगभग 20 से 25 बोरी धान खा लिया। पूरी घटना को वहां मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया। इस इलाके में काफी समय से हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है लेकिन पहली बार दंतैल हाथी धान खरीदी केंद्र में घुसा।