यशवंत गंजीर- कुरुद। छत्तीसगढ़ के कुरुद में विभिन्न स्थायी समितियों के सभापति का चुनाव किया गया। कुल सात समितियों के लिए सभापति चयन के बाद सभी समितियों के लिए चार- चार सदस्य का मनोनयन किया गया। वहीं शपथग्रहण के लंबे अंतराल के बाद अध्यक्ष- उपाध्यक्ष ने इसी दिन अपने चैंबर में पूजा-अर्चना कर कार्यालयीन पदभार लेते हुए अपनी-अपनी कुर्सी संभाल ली है।
सोमवार को जनपद पंचायत कुरुद के सभागार में नवनिर्वाचित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष सहित 23 जनपद सदस्यों का द्वितीय सम्मेलन आहूत किया गया। जहां निर्वाचन अधिकारी एसडीएम नभ सिंह कोशले के नेतृत्व में सहायक निर्वाचन अधिकारी तहसीलदार दुर्गा साहू ने कुल सात विभिन्न स्थायी समितियों के सभापति के लिए निर्वाचन प्रक्रिया अपनाकर सभापतियों का चयन किया। जिसमें अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन के साथ 22 सदस्यों ने भाग लिया। वहीं इस दिन अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने भी अपने चैम्बर में पूजा अर्चना कर पदभार सम्हाल कुर्सी ग्रहण किया। अब वे अपने कार्यालय में आमजन के समस्याओं के निराकरण एवं मांगो को पूरा करने उपलब्ध रहेंगे।
स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों की सूची
जनपद पंचायत कुरुद में स्थायी समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्यों की चयन पश्चात निर्वाचन अधिकारी ने नामों की घोषणा की। जिसमें सतीश जैन शिक्षा समिति के सभापति बनाये गये है। चित्रलेखा ध्रुव, श्रीमती ललीता भतपहरी, हिमांशु साहू, टेकराम साहू सदस्य होंगे। आनंद यदू को संचार एवं संकर्म समिति के सभापति नियुक्त किया गया। जिसके शकुंतला देवांगन, अनुराग साहू, रेखा साहू, ठाकुर राम साहू सदस्य होंगे। एवन कुमार साहू को राजस्व एवं वन समिति के सभापति नियुक्त किया गया। मनीषा साहू, डिकेश्वरी देवांगन, ठाकुर राम साहू, चंद्रशेखर साहू सदस्य रहेंगे। सिंधु बैस को महिला बाल कल्याण समिति के सभापति नियुक्त किया गया। वहीं गंगा बाई साहू, डिकेश्वरी देवांगन, हिमांशु साहू, अनुराग साहू सदस्य रहेंगे।
इनका भी हुआ चयन
चंद्रशेखर साहू को कृषि समिति के सभापति नियुक्त कर उर्वशी बांधेकर, मनीषा साहू, दिलीप चक्रधारी, आनंद यदू को सदस्य बनाये गये हैं। इसी क्रम में महेश ध्रुव को सभापति सहकारिता एवं उद्योग समिति नियुक्त कर टेकराम साहू, कुलेश्वरी साहू, उर्वशी बांधेकर, रूमान कुर्रे को सदस्य बनाये गये हैं। वहीं शंकुतला देवांगन को सभापति स्वचछता समिति नियुक्त किया गया है। कुलेश्वरी साहू, अनुराग साहू, रेखा साहू, उर्वशी बांधेकर को सदस्य बनाये गये हैं। उक्त नियुक्ति के दौरान उपरोक्त सभी निर्वाचित सभापतियों एवं मनोनीत सदस्यों के अलावा सीईओ एच के सेन, जनपद सदस्यगण लिली श्रीवास, बनीता सिन्हा और जनपद पंचायत कुरुद के कर्मचारीगण उपस्थित थे।
समितियों अध्यक्ष पहले से ही तय होते हैं नाम
सामान्य प्रशासन समिति और स्थाई शिक्षा समिति के अध्यक्ष पदेन होते हैं। सामान्य प्रशासन समिति के पदेन अध्यक्ष ही जनपद पंचायत के अध्यक्ष होते हैं। जबकि जपं. के उपाध्यक्ष, स्थाई शिक्षा समिति के पदेन अध्यक्ष होते हैं। शेष समितियों के लिए सदस्य आपस में समन्वय बिठाकर सभापति का चुनाव करते हैं। लगभग सभी चुनाव पूरे हो चुके हैं। स्थाई समितियों के गठन हो जाने के बाद जनहित से जुड़े कई प्रस्तावों पर अब तेजी से काम शुरू होगा। अध्यक्ष श्रीमती साहू ने कहा कि पूजा पाठ के साथ भगवान का आशीर्वाद लेकर हमारे विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में क्षेत्र के विकासकार्यो में तेजी लाने काम किया जायेगा।
सभापति नहीं बनाये जाने पर दिखी मायूसी
सभापतियों के नामो की सूची अध्यक्ष- उपाध्यक्ष की ही भांति भाजपा कार्यालय से तय होकर आया था। निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होते ही बंद लिफाफे खोलकर अधिवक्ता प्रदीप यादव ने प्रस्तावक समर्थक के साथ उक्त नामों का नाम निर्देशन पत्र जमा कराया। जिसमें कुछ नये नवेले चेहरे को स्थान देकर सभी पुराने अनुभवी चेहरे को मौका दिया गया है। जिसमें अधिकांश सभापतियों भखारा क्षेत्र से लिया गया है। ऐसे सभापति का पद मिलने के लालसा लिए बैठे कुरुद व सिर्री क्षेत्र से चुनकर आये कुछेक जनपद सदस्यों ने दबे जुबान से अध्यक्ष- उपाध्यक्ष से लेकर सभापतियों तक को एक ही क्षेत्र से बनाये जाने को लेकर मायूस दिखे।