Logo

यशवंत गंजीर- कुरुद। जनपद पंचायत कुरुद के सभाकक्ष में जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। जिसके लिए एसडीएम नभ सिंह कोसले को पीठासीन एवं तहसीलदार दुर्गा साहू को सहायक पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। जनपद अध्यक्ष की सीट अनारक्षित महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां ओबीसी वर्ग से अध्यक्ष बनने की संभावना दिख रही है इस हिसाब से उपाध्यक्ष किसी भी संवर्ग  से बनाया जा सकता है। उक्त दोनों पदों को लेकर राजनीतिक गलियारों में प्रमुख रूप से दो-दो नामों की चर्चा है।

6 मार्च को सुबह 11 बजे से चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो जायेगी। सर्वप्रथम 25 जनपद सदस्य दोपहर 01 बजे अध्यक्ष पद के लिए वोट डालेंगे। मतगणना पश्चात निर्वाचित अध्यक्ष 24 सदस्यों के साथ उपाध्यक्ष पद के लिए शाम 04 बजे मतदान करेंगे। मतगणना के बाद निर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को प्रमाण पत्र भी दिया जायेगा। चूंकि 25 सदस्यों वाली जनपद के परिषद के लिए भाजपा के पास 22 जनपद सदस्यों का बहुमत से ऊपर का आंकड़ा है तो वहीं कांग्रेस के खाते में केवल 3 ही है।  ऐसे में तय है कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष भाजपा से ही बनेगा लेकिन इससे पहले जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का ताज किसके सर सजेगा को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।  उक्त दोनों पदों के लिए अब तक जो नाम छनकर सामने आया है वह एक ही क्षेत्र भखारा मंडल से आ रहा है ऐसे में ब्लाक स्तरीय संतुलन बिठाने भखारा के अलावा कुरुद व सिर्री से भी किसी एक पद के लिए नाम तय हो जाये इसे नकारा नही जा सकता है।

यह है संभावितों अध्यक्षों की राजनीतिक पृष्ठभूमि 

जनपद अध्यक्ष के लिए सबसे ज्यादा अगर किसी के नाम की चर्चा है तो वह है सिंधु बैस जो क्षेत्र क्रमांक 6 से निर्वाचित होकर आई है। श्रीमती बैस इससे पूर्व सरपंच, दो बार जनपद सदस्य व एक बार जनपद अध्यक्ष की कमान संभाल चुकी हैं। इतना ही नहीं वह एक बार जिला पंचायत सदस्य भी निर्वाचित हो चुकी है। वरिष्ठता की दृष्टिकोण से इसे पार्टी संगठन के लोग सुलझे व अनुभवी बता रहे है। इसलिए सिंधु का नाम संभावितों की सूची में सबसे आगे है। दूसरा नाम क्षेत्र क्रमांक 01 से निर्वाचित सदस्य गीतेश्वरी साहू की है जो भाजपा भखारा मंडल से महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी है। कुरुद विधानसभा क्षेत्र साहू बाहुल्य होने के कारण जातिगत समीकरण के आधार पर अध्यक्ष पद के लिए इनका भी नाम संभावितों की श्रेणी में प्रमुखता से लिया जा रहा है। ऐसे में अगर अध्यक्ष की कुर्सी इस बार भी साहू समाज को जाता है तो गीतेश्वरी साहू को  अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

उपाध्यक्ष पद के लिए एक ही क्षेत्र से दो नाम 

उपाध्यक्ष पद के लिए जिन दो नामों की चर्चा है वह भी भखारा मंडल क्षेत्र से ही आ रहे है। जिसमे पहला नाम क्षेत्र क्रमांक 2 से निर्वाचित सदस्य सतीश जैन का है जो इसके पहले दो बार जनपद सदस्य निर्वाचित होकर एक बार सभापति के पद पर आसीन हो चुके है। इसके साथ ही पार्टी संगठन में वे बड़े चेहरे के रूप में गिने जाते है। चूंकि वे सामान्य वर्ग से आते है और आरक्षण के चलते 10 साल में उन्हें एक बार ही चुनाव लड़ने का मौका मिल पाता है इसलिए उपाध्यक्ष पद के लिए उनकी तगड़ी दावेदारी दिख रही है। दूसरा नाम क्षेत्र क्रमांक 18 से निर्वाचित सदस्य आनंद यदु का है जो कि दो बार के सरपंच के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष जैसे बड़े पद पर आसीन रह चुके है। पार्टी संगठन में उनका चेहरा अनवरत निष्ठा से काम करने वाले सहज, सरल व्यक्ति के रूप में है। चूंकि किसी भी दल को सत्ता के साथ साथ संगठन को मजबूत करने वाले व्यक्ति की भी जरूरत रहती है इस दृष्टिकोण से आनंद को भी उपाध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त मान रहे है। 

क्षेत्रीय दृष्टिकोण से असमंजस की स्थिति बन गई है 

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार कुरुद जनपद को भाजपा तीन मंडलों में बांटकर कार्य करती है। जिसमें कुरुद, भखारा और सिर्री शामिल है। यदि अध्यक्ष की ताज भखारा क्षेत्र को मिलता है तो क्षेत्रीय संतुलन बनाये रखने उपाध्यक्ष की कुर्सी कुरुद या सिर्री मंडल से निर्वाचित सदस्यों को दिया जा सकता है। जिसमें निर्वाचित सदस्य क्षेत्र 8 से रूमान कुर्रे, 11 से महेश ध्रुव, 13 से टेकराम साहू, 14 से दिलीप चक्रधारी, 17 से हिमांशु साहू,  20 से अनुराग साहू, 21 से  चंदशेखर साहू व 25 से ठाकुर राम साहू के नाम पर मुहर लग सकती है। हालांकि इससे पहले भी भखारा क्षेत्र से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पद दिया जा चुका है ऐसे में सतीश जैन व आनंद यदु के नाम पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है व मंथन जारी है।

अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से भी दावेदारी कर रहे हैं प्रत्याशी 

25 जनपद सदस्यों में से तीन सीटों पर निर्वाचित होकर आई कांग्रेस पार्टी से भी अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की जा रही है। क्षेत्र क्रमांक 19 से निर्वाचित सदस्य लिली श्रीवास अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करनी की बात कही है।जिसके लिए वे अन्य निर्वाचित सभी भाजपा-कांग्रेस के सदस्यों को अपने लिए वोट करने की अपील कर रही है। सुश्री लिली बेहद कम उम्र की सदस्य है, वर्तमान में युकां की प्रदेश प्रवक्ता है साथ ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में साथ दिखाई दी है। हालंकि दलगत दृष्टि से उनके पास बहुमत का अभाव है बावजूद वे भाजपा को वॉकओवर न देकर मैदान में उतरने की बात कही है। अब यह तो नामंकन के बाद भी पता चल पायेगा कि भाजपा से निर्विरोध अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनती है या चुनाव से चुनकर आयेगी।