बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जादू टोना के शक में बुजुर्ग महिला से मारपीट की गई। न सिर्फ इतना ही बल्कि गर्म लोहे से जलाने का भी मामला सामने आया है। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। यह घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। 

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भदौरा की 70 वर्षीय महिला गुरूवार की रात अपने घर पर थी। कुछ देर बाद गांव के ही कुछ लोग आए और उसे अपने साथ बाहर ले गए। इसकी जानकारी महिला के परिजनों को नहीं थी। कुछ देर बाद किसी के चीखने की आवाज आई। आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले और देखा कुछ ही दूरी पर वृद्धा गंभीर हालत में पड़ी थी।  

बैगा के साथ मिलकर की मारपीट 
बताया जा रहा है कि, गांव के ही एक युवक केजउ राठौर और उसके साथियों ने मारपीट की है। केजउ ने बाहर से बैगा बुलवाया था। जादू टोना के शक में ही उसने बैगा के साथ मिलकर वृद्धा के साथ मारपीट की। इसके बाद गर्म लोहे से वृद्धा के शरीर और बाल को भी जलाया है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। इलाज के लिए उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।