Logo
विधानसभा में बजट पर सामान्य चर्चा जारी है। चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा कि, वित्तमंत्री आंकड़ों के बाजीगर हैं, गणितबाज मंत्री हैं। पहले ज्ञान की बात कही, अब गति की बात कह रहे हैं। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विधानसभा में बजट पर सामान्य चर्चा जारी है। चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा कि, वित्तमंत्री आंकड़ों के बाजीगर हैं, गणितबाज मंत्री हैं। पहले ज्ञान की बात कही, अब गति की बात कह रहे हैं। पहले ये बताना चाहिए कि, आप गरीब किसे मानते हैं।  

उन्होंने आगे कहा कि, आपने गांव के गरीब को 18 लाख आवास का सपना दिखाया। लेकिन BJP सरकार में किसी को मकान नहीं मिला। उन्होंने आगे कहा कि, युवाओं को हमारी सरकार में भत्ता मिलता था, लेकिन आपने बंद कर दिया। 33 हजार नौकरी की बात बृजमोहन अग्रवाल ने कही थी। लेकिन BJP ने उन्हें दिल्ली भेज दिया, वे आजकल वहीं भटक रहे हैं।  

भूपेश बघेल ने गिनाई अपनी सरकार की उपलब्धियां

विधानसभा में बजट पर सामान्य चर्चा पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कोरोना के विपरीत समय में भी अर्थव्यवस्था को हमने गति दी। भले ही आप गौठानों का उपहास उड़ाएं, इससे दुग्ध उत्पादन की क्षमता बढ़ी। ननकीराम कंवर ने 6 महीने में नक्सलवाद खत्म करने की बात कही थी। लेकिन 16 साल बाद भी नक्सलवाद खत्म नहीं हो सका। अब आपने मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने की बात कही है। हम भी चाहते हैं नक्सलवाद खत्म होना चाहिए।

कांग्रेस सरकार में रहा वित्तीय कुप्रबंधन- विधायक अजय चंद्राकर

चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि, कांग्रेस सरकार में 4 साल तक वित्तीय कुप्रबंधन रहा। राजस्व प्राप्ति का अनुमान गलत निकला, हजारों करोड़ कम मिले। चारों साल वित्तीय घाटा 3  प्रतिशत से ऊपर रहा। लेकिन साय सरकार में सब कुछ बदल गया। अनुमान से ज्यादा राजस्व प्राप्त हुआ, वित्तीय घाटा 3 प्रतिशत से कम रहा। ईनाम में केंद्र से पुरस्कार राशि मिली। हमारे वित्तमंत्री ने बताया बजट कैसे बनाया जाता है। अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म सदी वर्ष है। काव्यात्मक बजट प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अगर किसी एक खानदान की तारीफ कर देते तो आप कूदकर दिल्ली बताने चले जाते। 

5379487