रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज में सदस्य बनाने को लेकर ABVP और NSUI के छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। ABVP की शिकायत पर NSUI कार्यकर्ताओं पर सरस्वतीनगर थाने में FIR दर्ज हो गई। जिसके विरोध में NSUI कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रातभर थाने में बैठे रहे। NSUI कार्यकर्ताओं पर FIR की खबर मिलते ही NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए। थाने के बाहर रात 1 बजे तक हंगामा होता रहा। इस दौरान ASP, CSP और करीब 4 थानों के TI मौजूद थे। इस दौरान जमकर नारेबाजी होती रही। बुधवार की शाम पीसीसी चीफ दीपक बैज और यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा भी थाने पहुंचे हैं। 

NSUI प्रदेश अध्यक्ष बोले- सरकार के दबाव में हुई एकतरफा कार्रवाई 

इस मारपीट को लेकर NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि, पुलिस ने ABVP की शिकायत पर NSUI कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। हमारे घायल कार्यकर्ताओं ने शिकायत दी तो केवल जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। ये सरकार के दबाव में एकतरफा कार्रवाई है। वहीं कार्यकर्ताओं का कहना है कि, उनकी ओर से गृहमंत्री विजय शर्मा के दबाव के चलते पुलिस FIR नहीं कर रही है। जबकि, इस मारपीट में उनके दो कार्यकर्ता बुरी तरीके से घायल हुए हैं।

इसे भी पढ़ें... अनूठे फरमान से बस्तर में सनसनी : गणेश उत्सव मनाने पर जुर्माना की धमकी

NSUI ने जबरन सदस्य बनाने और वसूली का लगाया आरोप  

दरसअल, मंगलवार को बीजेपी के सदस्यता दिवस के दिन ABVP के लोग कॉलेज में छात्रों को सदस्य बना रहे थे। अभियान का NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। उनका आरोप था कि सदस्यता अभियान के बहाने में छात्र-छात्राओं से जबरन वसूली की जा रही है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई। इस मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दोनों गुट एक दोनों मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। पहले कुछ ही मिनटों तक बहसबाजी और धक्का-मुक्की हुई। फिर दोनों पक्ष एक दूसरे को लात-घूंसे मारने लगे। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करीब 12-13 लड़के एक दूसरे को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट में दो- तीन लड़कों के शर्ट भी बुरी तरह फट गए हैं। वहीं कुछ लड़कों के हाथ-पैर में भी चोटें आई हैं।

ABVP सहमंत्री बोले- NSUI कार्यकर्ताओं की गुंडई का दिया जवाब 

कॉलेज में हुई इस मारपीट को लेकर ABVP रायपुर महानगर सहमंत्री सुजल गुप्ता ने कहा कि, हमारे कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से सदस्यता अभियान के लिए स्टूडेंट से बातचीत कर रहे थे। लेकिन NSUI कार्यकर्ताओं ने बदसलूकी की। हमने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और गुंडई करने लगे. जिसके बाद उनके गुंडई का हमने भी कड़ा जवाब दिया है।

 NSUI जिला अध्यक्ष बोले- मारपीट के बाद थाने में दर्ज करायी फर्जी FIR

इस मारपीट को लेकर NSUI जिला अध्यक्ष शांतनु झा ने कहा कि, ABVP के कार्यकर्ता कॉलेज में जबरन स्टूडेंट्स को संगठन का मेंबर बना रहे थे और मेंबरशिप के बहाने पैसे वसूल रहे थे। जिसका हमारे NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इसके बाद उन्होंने मारपीट की और थाने में फर्जी FIR दर्ज करा दी। हम इसका विरोध करते हैं और पुलिस- प्रशासन आरोपियों का साथ दे रही है।