रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन में भी धान की रिकॉर्ड तोड़ खरीदी हुई है। धान खरीदी के आखरी दिन आज शाम 6.45 बजे तक मिले आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 149 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान खरीदी हो चुकी है। राज्य के 25 लाख 49 हजार पंजीकृत किसानों ने अब तक धान बेचा है।
धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 31 हजार 89 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। गौरतलब है कि, पिछले साल 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी।
अब तक 100 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मीलिंग के लिए तेजी के साथ धान का उठाव किया जा रहा है। अभी तक 121 लाख मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी कर दिया गया है, जिसके विरूद्ध 100 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है। बता दें कि, राज्य सरकार ने इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों का पंजीयन कराया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान भी शामिल हैं।