रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में आज पुलिस महानिरीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि, अपराध, नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति है। अपराधों  पर लगाम नहीं लगने पर सबंधित जिले के पुलिस कप्तान पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, पुलिस को लेकर अपराधियों के मन में डर और आम जनता के मन में सेना की तरह सम्मान होना चाहिए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों से कहा कि, अपराधियों के लिए पुलिस का व्यवहार कठोर होना चाहिए और जनता के लिए नम्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, अवैध शराब, जुआ, सट्टा जैसी सामाजिक बुराईयां समाज को कमजोर कर देती हैं। बड़ी संख्या में युवा भी इससे प्रभावित हो रहे हैं जो चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि, अगर आपराधिक गतिविधियों पर लगाम नहीं लगेगी तो न केवल संबंधित जिले के पुलिस कप्तान बल्कि थाना स्तर के पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों में अनुशासन दिखना चाहिए

सीएम साय ने आगे कहा कि, पुलिस विभाग अनुशासित विभाग है। पुलिस अधिकारियों में अनुशासन दिखना चाहिए जो अपराध मुक्त और अनुशासित समाज के लिए अनिवार्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दंड से न्याय की ओर की संकल्पना को स्थापित करने के लिए किये जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि, यह सुनिश्चित करें कि, नए कानून समय से लागू हों। 

सरकार हर मोर्चे पर पुलिसकर्मियों के साथ 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी जवान कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि, छत्तीसगढ़ सरकार हर मोर्चे पर पुलिस कर्मियों के साथ खड़ी है। इसके अलावा उनकी सुविधाओं में भी कोई कमी नहीं आने दिया जाएगा। पुलिस के कल्याण के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। समय पर पदोन्नति, आवास, जरूरी अधोसंरचना सहित संसाधनों की आपूर्ति के लिए हमने व्यवस्थाएं की हैं, इसे आगे भी जारी रखेंगे। 

बजट में पुलिस के लिए बड़ी राशि : शर्मा

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ शासन के वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि, इस बजट में पुलिस विभाग के लिए बड़ी राशि आवंटित की गई है। यह बजट कानून का राज स्थापित करने में निर्णायक साबित होगा। उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार के पहले बजट में गृह विभाग को काफी कुछ मिला है, पिछले वर्ष के बजट की तुलना में गृह विभाग के बजट में 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस बजट में नक्सल ऑपरेशन में जाने वाले जवानों के लिये राशन का बैग और स्पाईक रेसिस्टेंट शूज का प्रावधान किया गया है, जिससे अब नक्सल ऑपरेशन में जाने वाले जवानों को सुविधा होगी। पुलिस विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारियों की सुविधाओं में वृद्धि के लिए भी इस बजट में प्रावधान किये गए हैं।

अपराध हों ही ना, ऐसा वातावरण निर्मित हो : शर्मा

उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री के हृदय में बड़े अधिकारी से लेकर आरक्षक तक के अधिकारी के लिए समान रूप से संवेदना है। हम सबका कर्तव्य है किअपराध हुआ तो अपराधी को जल्द से जल्द पकड़ लें। शर्मा ने कहा कि समाज में वातावरण बने कि अपराध ही न हो और इसी लक्ष्य के साथ अधिकारियों को अपने दायित्वों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का कप्तान यह ठान ले कि जिले में अपराध न हो, नशे का व्यापार न हो तो वह बिल्कुल नहीं होगा। छत्तीसगढ़ शांति का टापू था, इसे हम फिर से शांति के टापू के रूप में स्थापित करेंगे, उन्होंने यह संकल्प दोहराया।