राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगाव जिले के उत्तर मंडल के उपाध्यक्ष सुमीत सिंह भाटिया ने एक बार फिर नगर निगम की महापौर हेमा देशमुख और आयुक्त अभिषेक गुप्ता को आड़े हाथों लिया है। जहां उन्होंने वार्ड नंबर 19 में निर्माणाधीन कार्यों को लेकर घेर दिया है। 

भाजपा नेता सुमीत ने आरोप लगाया है कि, महापौर हेमा देशमुख सिर्फ फोटो खिंचाने और राजनीति करने के लिए सिर्फ भूमिपूजन करती है। उस कार्य को लेकर उनके द्वारा कभी भी समीक्षा नही की जाती। जिसका उदाहरण वार्ड नंबर 19 में 2 लाख की लागत से निर्माणाधीन सार्वजनिक मंच आज तक अधूरा पड़ा है, जिसका भूमिपूजन महापौर द्वारा लगभग 8 माह पूर्व किया गया था, जो अब तक अपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि, इसी तरह वार्ड में ही 34 लाख की लागत से निर्माणाधीन सीसी रोड का कार्य वह कार्य भी अब तक अधूरा ही है।

कई काम पड़े हैं अधूरे 
 
भाजपा नेता सुमीत ने आगे कहा कि, वार्ड 19 के पूनम कॉलोनी में 5 लाख की लागत से मंच और शेड निर्माण का कार्य अपूर्ण है। कई काम अधूरे पड़े हुए है। भूमिपूजन किए कार्यों की महापौर ने कभी समीक्षा नही की, वरना अब तक वार्ड नंबर 19 के काम अब तक अधूरे नही रहते। वही भाजपा नेता सुमीत ने आयुक्त को घेरते हुए कहा कि आयुक्त के संरक्षण में ही नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन कार्यों में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। 

उग्र आंदोलन की दी चेतावनी 

उन्होंने सीधे तौर पर आयुक्त पर आरोप लगाते हुए कहा कि, अब तक के सबसे भ्रष्ट आयुक्त में वर्तमान आयुक्त का नाम आता है। भाजपा नेता सुमीत ने महापौर और आयुक्त को चुनौती देते हुए कहा है कि, अगर अधूरे निर्माण कार्य को लेकर जल्द निगम प्रशासन द्वारा कार्य को पूर्ण नहीं किया गया तो वार्डवासियों के हित में वार्डवासियों के साथ मिलकर निगम प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसके लिए निगम प्रशासन जिम्मेदार होगी।