Logo

रायपुर। छत्तीसगढ़ की छोटी-बड़ी सभी खबरें रोजाना हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'सीजी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और छत्तीसगढ़ की हर खबर से अपनी जानकारी बढ़ाएं।

गुरुवार की संक्षिप्त खबरें

शपथ ग्रहण समारोह : रायपुर नगर निगम की नई परिषद का आज शपथ ग्रहण होगा। महापौर मीनल चौबे और 70 पार्षद शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह इनडोर स्टेडियम में 3 बजे आयोजित होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथी ही केंद्रीय मंत्री तोखन साहू भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं स्पीकर डॉ रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।  

जशपुर दौरे पर रहेंगे सीएम साय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और जशपुर दौरे पर रहेंगे। इससे पहले वे 11 बजे विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम साय 3 बजे इनडोर स्टेडियम जाएंगे।  जहां पर वे नवनिर्वाचित महापौर, पार्षदों के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। इसके बाद 4 बजे रायपुर से जशपुर रवाना होंगे।  जहां पर ग्राम बगिया के निज निवास में रात्रि विश्राम करेंगे।  

विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। इस दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा होगी। सदन में आज लंबित राजस्व प्रकरणों का मुद्दा गूंजेगा। विधायक अजय चंद्राकर, उमेश पटेल ध्यानाकर्षण में मुद्दा उठाएंगे। धमतरी जिला चिकित्सालय में अव्यवस्था पर भी ध्यानाकर्षण किया जाएगा। साथ ही विधायक ओंकार साहू अस्पताल में अव्यवस्था का मुद्दा उठाएंगे। मंत्री केदार कश्यप विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे।  

कांग्रेस भवन पर जवाब देगी कांग्रेस : सुकमा कोंटा के कांग्रेस भवन पर कांग्रेस आज जानकारी देगी। प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदु ED को जानकारी देंगे। सुबह 10.30 बजे ED दफ्तर मलकीत सिंह गैंदु पहुंचेंगे। चार बिंदुओं पर ED ने कांग्रेस से जानकारी मांगी है।