सूरज सोनी - खरोरा। छत्तीसगढ़ के खरोरा नगर पंचायत में भाजपा ने जीत हासिल की है। यहां के अध्यक्ष पद पर भाजपा की सुनीता अनिल सोनी ने अपनी जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा के 8 पार्षदों ने भी बाजी मारी है जबकि कांग्रेस को महज एक सीट ही हासिल हुई है। वहीं 6 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत का परचम लहराया है। खरोरा में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा सांसद बृजमोहन अग्रवाल राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने लगातार प्रचार- प्रसार किए थे।
दरअसल, नगर पंचायत खरोरा में चुनाव के दौरान प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व नगर पंचायत के अध्यक्ष अनिल सोनी और उसकी पूरी टीम ने पुरजोर मेहनत किया था। जिसके कारण यह सफलता हासिल हुई। मतदान के बाद कुछ एग्ज़िट पोल का सीधा प्रभाव निर्दलीय प्रत्याशी को विजय दिलाने की तरफ़ दिख रहा था। लेकिन ठीक इसके अनुरूप भाजपा की सुनीता अनिल सोनी यहां से जीत हासिल की है।
भाजपा के 8 पार्षदों को मिली जीत
भाजपा की सुनीता अनिल सोनी मात्र 10 वोटों से जीती हैं। वहीं कांग्रेस के मोना बबलू भाटिया को 2 हजार 2 वोट प्राप्त हुए है। जबकि सुनीता अनिल सोनी को 2 हजार 12 वोट मिले हैं। खरोरा नगर पंचायत में भाजपा के 8 पार्षद जीते हैं। वार्ड क्रमांक 2 से मनीषा कोसले, वार्ड नंबर 7 से जय प्रकाश वर्मा, वार्ड नंबर 8 से तामेश्वर, वार्ड नंबर 9 से सुमित सेन, वार्ड नंबर 10 मीना देवांगन और वार्ड नंबर 11 से पंच राम यादव, 12 वार्ड से पूर्णेंद्र पाध्याय और 14 वार्ड से BJP से अंबिका बंछोर ने जीत दर्ज की है।
निर्दलीय में ये जीते
निर्दलीय पार्षदों में वार्ड क्रमांक 3 से राहुल मरकाम, वार्ड क्रमांक 4 से हेमंत देवांगन, वार्ड क्रमांक 5 शेखर देवांगन, वार्ड क्रमांक 6 हेमलता नसी, वार्ड क्रमांक 14 से शरद साहू और 15 से राकेश देवांगन ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस को एक पार्षद से ही संतुष्ट होना पड़ा। वार्ड क्रमांक 1 से डॉ. सुरेंद्र गिलहरे ने जीत हासिल की है।
जीत के बाद जश्न का माहौल
मतगणना के बाद कांग्रेस की गलत गणना के चलते जीत का हल्ला हो गया था। लेकिन फिर से जोड़- घटाना करने के बाद परिणाम स्पष्ट हुआ। वहीं नगर में चुनाव के नतीजे आते ही पूरा माहौल जश्न में बदल गया। जीत के बाद फ़ौज फटाके के साथ तिगड्डा चौक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आतिशबाजी की गई। साथ ही सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।