AAP Protest In Delhi: चंडीगढ़ मेयर चुनाव में हुई धांधली को लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी पार्टी दिल्ली में इसको लेकर 2 फरवरी भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल होंगे।

बीजेपी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी आप

आम आदमी पार्टी ने इस संबंध में उसी दिन प्रदर्शन करने का फैसला किया है, जिस दिन के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए नया समन जारी किया था।

बता दें कि मंगलवार यानी 30 जनवरी को इंडिया ब्लॉक के दोनों विपक्षी दल कांग्रेस और आप को चंडीगढ़ मेयर चुनाव में झटका लगा था। बीजेपी ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में जीत हासिल की। इसके बाद आप और कांग्रेस गठबंधन ने आरोप लगाया कि पीठासीन अधिकारी ने मतपत्रों के साथ छेड़छाड़ की है। मेयर पद का परिणाम घोषित होने के बाद दोनों इंडिया ब्लॉक पार्टियों के पार्षदों ने सदन में हंगामा किया।

इसके बाद चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में मतगणना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि पीठासीन अधिकारी ने बीजेपी प्रत्याशी को जिताने के लिए कांग्रेस और आप पार्षदों के वोट अवैध घोषित कर दिए।

मतपत्र से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

बता दें कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार मनोज सोनकर ने आप के कुलदीप कुमार को हराया, क्योंकि दोनों पार्टी के नेताओं के वोट अवैध घोषित कर दिए गए थे। इसके बाद दोनों पार्टियों ने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए अगले चरण के चुनाव का बहिष्कार किया। ऐसे में दोनों पार्टियों ने मतपत्र से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। वहीं, बीजेपी ने आप और कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया।