Delhi: राजधानी दिल्ली में कांग्रेस पार्टी ने इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। इसको लेकर दिल्ली कांग्रेस गीता कॉलोनी में एक रैली करने जा रही है। दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली का कहना है कि कांग्रेस 3 फरवरी को दिल्ली के गीता कॉलोनी में रामलीला मैदान में एक रैली का आयोजन कर रही है। यह रैली भारतीय जनता पार्टी को दिल्ली की सभी सात सीटों से हटाने का आह्वान होगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे रैली को संबोधित

लवली ने कहा कि कांग्रेस तीन फरवरी को लोकसभा चुनाव के लिए अपना अभियान शुरू करने जा रही है। दिल्ली के हमारे सभी पार्टी कार्यकर्ता, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ भारतीय जनता पार्टी के सातों सांसदों को उखाड़ फेंकने की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष इस रैली को संबोधित करेंगे।

खुद को तैयार करना होगा- लवली

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का शासन लोकतंत्र की नींव को खोखला कर रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि आप गठबंधन में भागीदार है, लेकिन हमें सभी सात सीटों के लिए पहले से ही खुद को तैयार करना होगा। भले आने वाले समय में हमें सात से कम सीटों पर चुनाव लड़ना पड़े और हमारे गठबंधन की साथी पार्टी अन्य सीटों पर चुनाव लड़े, लेकिन हमें पहले से ही सभी सातों सीटों पर खुद को तैयार करना होगा। लवली ने कहा कि यह सुनिश्चित करना हमारा काम है कि हमारा सहयोगी जीते।