Delhi Politics: दिल्ली में बीजेपी ने नई सरकार का गठन कर लिया है। दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता ने कल रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ ली। उनके अलावा भी दिल्ली के 6 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिसमें प्रवेश वर्मा के साथ आशीष सूद का भी नाम शामिल है। इस शपथ ग्रहण के बाद कल ही रेखा गुप्ता ने शाम 7 बजे अपने कैबिनेट के मंत्रियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक के बाद दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने भाजपा पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है।
आतिशी ने भाजपा पर क्या आरोप लगाया
आतिशी ने इस बैठक के बाद एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने सरकार बनते ही पहले ही दिन से दिल्ली की जनता से किए वादे तोड़ने शुरू कर दिए हैं। भाजपा ने चुनाव से पहले चीख-चीख कर कहा था कि हमारी पहली की कैबिनेट बैठक में महिला सम्मान निधि योजना को लागू किया जाएगा और प्राथमिकता के साथ महिलाओं को 2,500 रुपये देने की कवायद शुरू कर दी जाएगी, लेकिन भाजपा की पहली कैबिनेट बैठक हो चुकी है, फिर भी महिला सम्मान योजना को लेकर कोई चर्चा ही नहीं हुई।
'अपने बयान से पलटी रेखा गुप्ता'
आतिशी ने आगे कहा कि दिल्ली की महिलाएं इंतजार करती रही कि पहली बैठक में उनके लिए खुशखबरी आएगी, लेकिन रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता को धोखा दे दिया है। आतिशी ने आगे कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने तो ये वादा किया ही था, इसके अलावा रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण के दिन ये ऐलान किया था कि पहली बैठक में महिला सम्मान योजना को लेकर फैसला लिया जाएगा। अब मैं रेखा गुप्ता और दिल्ली की नई सरकार भारतीय जनता पार्टी से पूछना चाहती हूं कि आपके वादे का क्या हुआ, जो आपने जनता से किया था।
ये भी पढ़ें:- Shalimar Bagh MLA to CM: रेखा गुप्ता से पहले कौन बने थे शालीमार बाग से मुख्यमंत्री? जानिए पूरी कहानी