Delhi Politics: बीते दिन दिल्ली में रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उनके साथ 6 अन्य कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली। इसके बाद शाम सात बजे कैबिनेट की पहली बैठक हुई। इस बैठक में आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में लागू करने का फैसला किया गया। साथ ही नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की 14 रिपोर्ट्स को आगामी विधानसभा सत्र में पेश करने का फैसला लिया गया। हालांकि पीएम मोदी ने कहा था कि दिल्ली में जीत के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही दिल्ली की महिलाओं को तोहफा देते हुए 'महिला सम्मान योजना' की शुरुआत की जाएगी, जो नहीं हुई।
विस्तृत चर्चा के बाद लागू होगी महिला सम्मान योजना
पीएम मोदी ने कहा था कि पहली पहली कैबिनेट बैठक में ही 'महिला सम्मान योजना ' के तहत महिलाओं को 2500 रुपए की धनराशि मिलनी शुरू हो जाएगी। इस मुद्दे को लेकर भी कैबिनेट बैठक में चर्चा तो हुई, लेकिन लाभार्थियों की श्रेणी पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया। इस बात को लेकर सीएम ने कहा कि 'महिला सम्मान योजना' महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण से संबंधित हो सकती है। हालांकि इसके लिए विस्तृत चर्चा की आवश्यकता है और विस्तृत चर्चा के बाद ही इस योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
भाजपा पर हमलावर हो रहे आप नेता
हालांकि आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली में महिला सम्मान योजना शुरू न करने को लेकर भाजपा पर लगातार हमलावर हो रहे हैं। पहले सीएम आतिशी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 'भाजपा ने पहली कैबिनेट बैठक में महिला सम्मान योजना का ऐलान नहीं किया। ये बेहद दुख की बात है कि एक महिला मुख्यमंत्री ने दिल्ली की महिलाओं से किए गए वादे को तोड़ दिया।' इतना ही नहीं रेखा गुप्ता की कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद आम आदमी पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 'महिला सम्मान योजना' पेश न किए जाने को लेकर एक के बाद एक ट्वीट आने लगे। इस वीडियो में पीएम के भाषण में पहली कैबिनेट बैठक में महिला सम्मान योजना को मंजूरी देने की बात कही गई और कैबिनेट बैठक के बाद आतिशी के सवाल दिखाए गए।
सोशल मीडिया यूजर्स ने लगाई क्लास
वहीं इस पोस्ट के नीचे लोगों के कमेंट्स की बाढ़ थी। सोशल मीडिया यूजर्स ने आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाया कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में जो वादे किए थे, वो अब तक पूरे क्यों नहीं हुए। एक सोशल मीडिया हैंडलर ने लिखा कि पंजाब में जो वादे किए थे, तुम उनका देखो। पंजाब की महिलाओं को हर महीने पैसे देने की बात कहकर भी अब तक उन्हें पैसे नहीं दिए गए। पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया। आपने भी पहली कैबिनेट मीटिंग के बाद महिलाओं को पैसे देने की बात कही थी और अब सरकार चलाते हुए तीन साल से ज्यादा का समय हो गया है लेकिन किसी को पैसे नहीं मिले।
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की हर महिला को 1000 रुपए प्रति महीने देने का वादा किया था लेकिन सरकार बने हुए तीन साल हो गए और आम आदमी पार्टी ने अपना वादा पूरा नहीं किया। इसलिए ही आम आदमी पार्टी के दिल्ली विधानसभा चुनाव हार गए। आतिशी हर 1 मिनट में वीडियो क्यों बना रही है? भाजपा को अपना वादा निभाना चाहिए और वो अपना वादा निभाएंगे।
ये भी पढ़ें: Delhi Politics: पहले ही दिन से भाजपा देने लगी जनता को धोखा, आतिशी ने पहली बैठक के बाद ऐसा क्यों कहा?