Logo
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की बारिश ने दस्तक दे दी है। कुछ लोग घरों में चाय पकौड़े बनाकर इस मौसम का मजा ले रहे हैं, वहीं कुछ लोग बाहर जाकर स्वादिष्ट भोजन की तलाश कर रहे हैं। तो चलिये आपको ऐसे रेस्टोरेंट्स और कैफे के बारे में बताते हैं, जहां आप स्वादिष्ट खाने पीने के साथ बारिश की बूंदों का भी मजा ले पाएंगे।

दिल्ली में मानसून की बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। बारिश का यह मौसम लोगों में घूमने और खाने-पीने की हसरत पैदा करता है। इस हसरत को पूरा करने के लिए कुछ लोग घरों में चाय-पकौड़े बनाते हैं, वहीं कुछ लोग बाहर जाकर स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेते हैं। अगर आप भी मानसून के इस सुहावने मौसम में बाहर जाकर किसी अच्छी जगह खाने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए लिखी गई है। आज आपको दिल्ली के ऐसे टॉप रेस्टोरेंट्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप न केवल खाने-पीने का मजा उठा सकते हैं, बल्कि आसमान से गिरती बूंदों का भी नजारा देख पाएंगे। तो देर किस बात, चलिये बताते हैं मानसून फ्रेंडली टॉप रेस्टोरेंट्स के बारे में...

द ग्रामर रूम (The Grammar Room)
The Grammar Room
मानसून की बारिश में खाने पीने के लिए द ग्रामर रूम कैफे परफेक्ट जगह।

अगर आप दक्षिणी दिल्ली में रहते हैं, तो आपको बारिश के मौसम में द ग्रामर रूम कैफे में अवश्य जाना चाहिए। महरौली के कालका दास मार्ग पर स्थित यह कैफे दोनों तरफ से कांच से घिरा है, जिसके कारण आप यहां के स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लेते हुए बाहर की बारिश का नजारा देख सकते हैं। इनके मेन्यू में आपको ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर के लिए कई विकल्प मिल जाते हैं। यहां आप वाइन, बीयर, काॅफी समेत पेय का भी आनंद ले सकते हैं। अगर कभी यहां जाना हो, तो स्की स्कैंडो और बनोफी वफल ऑर्डर करना न भूले, क्योंकि ये सबसे ज्यादा डिमांड में रहते हैं। यह कैफे सुबह 11:00 बजे से रात 11:30 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 3500 रुपये है।

त्रिवेणी टेरेस (Triveni Terrace Cafe)
Triveni Terrace Cafe
त्रिवेणी कैफे में हरियाली के बीच खाने पीने का मजा ही अलग है।

अगर आपको भी बारिश के मौसम में देसी खाना पसंद है, तो आपको त्रिवेणी टेरेस कैफे का रूख करना चाहिए। यह कैफे मंडी हाउस में है। इसके बाहर सुंदर बागीचा बना है। आप यहां गर्मागर्म चाय के साथ पकोड़े, समोसे, पालक पत्ता चाट, टिक्की आदि का भी मजा ले सकते हैं। अरामदायक सीट पर बैठकर बाहर का नजारा देखने के बाद आपको यह लगेगा कि आप दिल्ली में नहीं बल्कि किसी हिल स्टेशन पर हैं। यह कैफे सुबह 10:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक खुला रहता है। मानसून के इस मौसम में आपको परिवार के साथ एक बार अवश्य इस कैफे की विजिट करनी चाहिए ताकि आपका पूरा परिवार एक अद्भुत नजारे का आनंद ले सके। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 650 रुपये है।

कोलोकल कैफे (Collocal Cafe)
Collocal Cafe
बारिश के मौसम में कोलोकल कैफे और भी बेहद खूबसूरत नजर आता है।

कोलोकल कैफे में एंट्री करते ही आप इसके इंटीरियर डिजाइनिंग, लाइटिंग और सीटिंग देखकर आपको ऐसा लगेगा, जैसे आप किसी दूसरी दुनिया में आ गए हैं। इस कैफे की दीवारों पर भी बड़ी-बड़ी खिड़कियां हैं, जहां से आप भोजन करते समय बाहरी दृश्य देख सकते हैं। अगर बारिश हो रही है, तो यह नजारा और खूबसूरत बन जाता है। यहां आने वाले ज्यादातर लोग इनके पेय पदार्थों के खासे दीवाने हैं। यह कैफे अपनी चॉकलेट्स के लिए भी खासा प्रसिद्ध है। अगर आप भी यहां का अनुभव हासिल करना चाहते हैं, तो आप सुबह 11 बजे से रात 11 बजे के बीच किसी भी समय पर जा सकते हैं। कोलोकल कैफे छतरपुर में द धान मिल कंपाउंड के पास स्थित है। दो लोगों का औसत खर्चा 1500 रुपये के आसपास है।

चैटर हाउस रेस्टोरेंट (Chatter House Restaurant)
Chatter House Restaurant
मानसून में चैटर हाउस रेस्टोरेंट को मिस हरगिज मत करना, यहां का अनुभव हमेशा यादगार रहेगा।

अगर आप नेहरू पैलेस के आसपास रहते हैं, तो आपको इपीक्यूरिया मॉल में अवश्य जाना चाहिए। यहां का चैटर हाउस रेस्टोरेंट भी आपको मानसून का मजा लेते हुए खाने पीने का अहसास दिलाता है। इस रेस्टोरेंट में बड़ी-बड़ी कांच की खिड़कियां लगी हैं, जिससे आप बाहर का नजारा देख सकते हैं। यहां चिकन, मिनी नान, बटर चिकन पिज्जा, पेरी चिकन, गालौटी कबाब समेत उत्तर भारतीय, अमेरिकी और इतालवी व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। यह रेस्टोरेंट दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक खुला रहता है। यहां दो लोगों का औसत खर्चा 2500 के आसपास है।

डिग्गिन कैफे (Diggin Cafe)
Diggin Cafe
डिग्गिन कैफे में खाने पीने का स्वाद लेते हुए मानसून का मजा लीजिए।

मानसून फ्रेंडली रेस्टोरेंट या कैफे की बात करें तो डिग्गिन कैफे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। नई दिल्ली स्थित सम्राट होटल के सामने संतुष्टि शॉपिंग कांप्लेक्स में स्थित डिग्गिन कैफे में युवाओं का हर वक्त जमावड़ा लगा रहता है। विशेषकर, मानूसन की बारिश में खाने का मजा लेना है, तो कए बार डिग्गिन कैफे अवश्य जाना चाहिए। यहां आप पिज्जा, पास्‍ता, बर्गर, कॉन्टिनेंटल, सैंडविच, डेसर्ट के साथ ही आप एक कप गर्मागर्म कॉफी का भी मजा ले सकते हैं। इसके राजधानी में कई आउटलेट हैं। यह सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक खुले रहते हैं।

हैमोनी कैफे (Hamoni Cafe Gurugram)
hamoni cafe
हैमोनी कैफे में इंडोर और आउटडोर खाने का आनंद ले सकते हैं।

गुरुग्राम के सेक्टर-23 ए में कार्टरपुरी गांव के पास स्थित हैमोनी कैफे भी आपको आउटडोर और इंडोर, दोनों सुविधाएं देता है। यहां आप प्रकृति का आनंद लेते हुए यहां के स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चख सकते हैं। विशेषकर कपल्स को यह जगह इतनी पसंद है कि आने से पहले ही सीट बुक करा लेते हैं। यहां नाश्ते और लंच से लेकर डिनर तक मेन्यू में कई व्यंजन हैं, जिनका चुनाव करना आपके लिए मुश्किल भरा हो सकता है। विशेषकर, यहां की कॉफी को मिस नहीं करना चाहिए। यह हैमोनी कैफे सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 1400 के आसपास है।

रोस्टरी कॉफी हाउस (Roastery Coffee House Noida)
Roastery Coffee House Noida
गर्मागर्म कॉफी के साथ मानसून की बारिश एंज्वॉय करने के लिए रोस्टरी कॉफी हाउस अवश्य जाना चाहिए।

नोएडा के सेक्टर-144 स्थित रोस्टरी कॉफी हाउस अपने नाम के अनुरूप कॉफी बनाने में माहिर हैं। यहां की सजावट देखकर आप हैरान रह जाएंगे। खुले आंगन के बीच एक बड़ा कॉफी काउंटर लगाया गया है। यहां आप कॉफी पीते हुए दुनिया की सारी टेंशन को एक तरफ करके प्रकृति का आनंद प्राप्त करेंगे। अगर आप भी मानसून का मजा कॉफी के साथ लेना चाहते हैं, तो आपको इस रोस्टरी कॉफी हाउस में अवश्य जाना चाहिए। यह कैफे सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों का औसत खर्चा 1000 रुपये के आसपास है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली के ये व्हीकल्स आपको स्वाद की दुनिया में ले जाएंगे, टिकट का खर्चा भी नाममात्र

5379487