Free Entry Places to Visit in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली ऐतिहासिक धरोहर के लिए दुनियाभर में जानी जाती है। यहां पर देश के ही नहीं बल्कि विदेश से लोग घूमने के लिए आते हैं। यूं तो दिल्ली में घूमने के लिए बहुत सी जगह हैं। जहां टिकट लेकर आप घूम सकते हैं, लेकिन अगर फ्री में दिल्ली घूमने का प्लान कर रहे हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए बेहद काम का है। इस लेख में हम आपको दिल्ली की पांच ऐतिहासिक जगह के बारे में बताएंगे, जहां आप फ्री में घूम सकते हैं। ये जगह यकीनन आपको बेहद पसंद भी आएगी। इन जगहों पर जाने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। इसके साथ ही इन ऐतिहासिक जगहों के नजदीकी मेट्रो के बारे में भी आपको बताएंगे। जिससे आप आसानी से पहुंच सकते हैं।

इंडिया गेट 

दिल्ली में इंडिया गेट काफी फेमस है। अगर आप यहां सैर करने चाहते हैं तो जा सकते हैं। यहां पर आपको फ्री में एंट्री मिल जाएगी। इंडिया गेट घूमने के लिए किसी टिकट की जरूरत नहीं होती है। यह ऐतिहासिक गेट राजपथ पर स्थित है। इसके पास में ही राष्ट्रपति भवन और वार मेमोरियल भी है। यहां पर सुबह से लेकर शाम तक हजारों लोगों की भीड़ रहती है। यहां का सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन खान मार्केट है। जहां से आप पैदल भी इंडिया गेट पहुंच सकते हैं। ये वायलेट लाइन पर स्थित है।

लोटस टेंपल

लोटस टेंपल को कमल मंदिर भी कहा जाता है। दिल्ली घूमने के लिए ये भी सबसे बेहतरीन जगहों में से एक है। यह मंदिर देखने में कमल की फूल की तरह है, लेकिन इसमें कोई मूर्ति नहीं है। यह दिखने में बेहद खूबसूरत है। इसकी तुलना ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में स्थित ओपेरा हाउस से की जाती है। खास बात ये है कि इसे देखने के लिए एंट्री बिल्कुल फ्री है। यहां पर आप फैमिली के साथ घूमने के लिए जा सकते हैं। लोटस टेंपल का नजदीकी मेट्रो स्टेशन कालका जी है। यहां से 5 मिनट की दूरी पर ही लोटस टेंपल स्थित है। ये वायलेट लाइन पर स्थित है।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली के 6 बड़े होलसेल बाजार, यहां कपड़ों के दाम जानकर रह जाओगे हैरान

हौज खास 

हौज खास दिल्ली की बेहद खूबसूरत जगह है। परिवार के साथ घूमने के लिए यह एक बेहतरीन जगह है। हौज खास के पास डियर पार्क है, इस पार्क में हिरण रहते हैं। इसके अलावा यहां एक झील भी है। इस जगह पर घूमने के लिए आपको किसी भी तरह का टिकट लेने की जरूरत नहीं है। यहां का नजदीकी मेट्रो स्टेशन हौज खास है। जो दिल्ली मेट्रो का सबसे गहरा स्टेशन भी है। ये येलो लाइन पड़ता है।

लोधी गार्डन

राजधानी दिल्ली में स्थित लोधी गार्डन भी काफी फेमस है। यहां भी बिना टिकट एंट्री होती है। खास बात ये है कि यहां पर घूमने के लिए सबसे ज्यादा कपल्स आते हैं। इस गार्डेन में सिकंदर लोधी और मोहम्मद शाह की कब्र, बड़ा गुंबद और शीशी गुंबद जैसे कई स्मारक आपको देखने को मिल जाएंगी। यहां का नजदीकी मेट्रो स्टेशन जोर बाग है। जोकि येलो लाइन पर पड़ता है।

अग्रसेन की बावली

दिल्ली घूमने के लिए अग्रसेन की बावली भी काफी फेमस है। यह एक संरक्षित पुरातात्विक स्थल है। इसकी सुंदरता और देहाती आकर्षण लोगों को बेहद पसंद आता है। साथ ही इसकी भूतिया कहानियों की वजह से भी यहां लोग सबसे ज्यादा घूमने आते हैं। ये नई दिल्ली की कनॉट प्लेस के पास स्थित है। इस बावली में सीढ़ीनुमा कुआँ है। जिसमें 105 सीढ़ियां हैं। यहां सैर करने के लिए कोई भी टिकट नहीं लगता है। अगर इसके नजदीकी मेट्रो स्टेशन की बात करें तो यहां का नजदीकी मेट्रो स्टेशन राजीव चौक है।