Delhi Crime News: दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक कैब चालक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। कहा जा रहा है कि ड्राइवर की सिर्फ इतनी सी बात पर हत्या कर दी गई क्योंकि वह जाम में फंसी स्कूटी को बाहर निकलने का रास्ता नहीं दे पाए। फिलहाल, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी, दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जिस आरोपी को अरेस्ट किया है। वह नाबालिग बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, कैब चालक मनोज कुमार संगम विहार का रहने वाला था। वह गुड़गांव की एक कंपनी में कैब ड्राइवर के रूप में काम करता था। गुरुवार की शाम को मनोज कंपनी के पांच कर्मचारियों को मालवीय नगर इलाके से और फिर एक को महरौली से कार में बैठाया। महरौली की सड़कें काफी संकरी है। जिसकी वजह से कैब जाम में फंस गई। इसी बीच करीब 8 बजकर 40 मिनट पर पीछे से स्कूटी पर सवार तीन लड़के आए। स्कूटी सवार लड़कों ने कैब चालक से कार हटाने के लिए कहा। ताकि, उनकी स्कूटी इस जाम से निकल सके। जाम ज्यादा था तो कैब ड्राइवर उन्हें रास्ता नहीं दे पाया। जिसके बाद स्कूटी सवार लड़कों ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद मामले इतना बढ़ गया कि स्कूटी पर सवार एक लड़का नीचे उतरा और जब तक कैब ड्राइवर कुछ समझ पाता तब तक आरोपी ने उनके तेज धार वाले हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद सभी स्कूटी लेकर फरार हो गए। इसके बाद आनन-फानन में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

सीसीटीवी से हुई आरोपियों की पहचान 

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तुरंत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एक टीम गठित की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए। इसके बाद एक आरोपी की पहचान हो पाई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही अन्य दो आरोपियों को भी अरेस्ट कर लिया जाएगा।