Delhi Road Accident: राजधानी दिल्ली में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। शुक्रवार को तेज रफ्तार कार ने कथित तौर पर शख्स के स्कूटर के पीछे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज्यादा तेज थी कि शख्स हवा में उड़ता हुआ बदरपुर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। इसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का दृश्य देखकर लोग सकते में आ गए। आनन फानन में पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी कार चालक को अरेस्ट कर लिया।  

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार 

दिल्ली पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो न्यू सीमापुरी में रहता था। वहीं, आरोपी वाहन चालक की पहचान 35 साल के उत्तम नगर निवासी वीरेंद्र राणा के तौर पर हुई है। उसे अब गिरफ्कतार कर लिया गया है। आगे बताया कि पुलिस की जांच के बाद पता चला है कि मृतक अपने स्कूटर से फरीदाबाद के सरिता विहार जा रहे थे। तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन के पास बदरपुर फ्लाईओवर पर स्कूटर को एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी।

कीर्ति नगर में भी हुआ था दर्दनाक सड़क हादसा 

पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में एक कार सवार की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान 27 वर्षीय वंश जौली के रूप में हुई थी। यह हादसा मानसरोवर गार्डन पर हुआ था। इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी और कुछ समय बाद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया था।