Delhi News: देश में भाजपा को लेकर छवि बनी हुई है कि वे एक धर्म विशेष के खिलाफ हैं। हालांकि इन आरोपों को परे रखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्री बीती रात इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। दरअसल, शनिवार को दिल्ली स्टेट हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां ने इस्लामिक सेंटर में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। इस इफ्तार पार्टी में केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू, सीएम रेखा गुप्ता, विजेंद्र गुप्ता, प्रवेश वर्मा, कमलजीत सहरावत, मोहन सिंह बिष्ट, वीरेंद्र सचदेवा समेत अन्य भाजपा नेता शामिल हुए।
सीएम रेखा गुप्ता और डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने जताई खुशी
इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम अपने मित्र के घर इफ्तार पार्टी में आए हैं। भारत एक बहुत बड़ा लोकतंत्र है। इस लोकतंत्र को सामाजिक सद्भाव और समृद्धि के साथ आगे बढ़ाना है। इस देश में हर समुदाय के लिए विशेष जगह है। इफ्तार पार्टी में शामिल हुए भाजपा विधायक और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम होने चाहिए क्योंकि ऐसे आयोजनों में शामिल होकर लगता है कि ये राजनीतिक पार्टी से संबंधित नहीं है।
'ये भारत की खूबसूरती है'
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि रमजान का पाक महीना चल रहा है। जगह-जगह पर इफ्तार पार्टियां हो रही हैं। कौसर जहां और उनकी टीम ने इफ्तार पार्टी की अच्छी व्यवस्था की। इस दौरान भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि होली से लेकर ईद तक हमें भारत की संस्कृति के बारे में हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है। ये भारत की खूबसूरती है, जो हर त्योहारों को प्यार और एकता के साथ मनाते हैं।
'दिल्ली सरकार बहुत सामंजस्य के साथ करेगी काम'
वहीं इफ्तार पार्टी में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि ये खुशी का मौका है। दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया है, जिसमें बहुत से लोग शामिल हुए हैं। मुझे भी इस पार्टी में शामिल होने का मौका मिला। सभी का इस तरह से मिलना यह संदेश देता है कि दिल्ली सरकार बहुत सामंजस्य के साथ काम करने वाली है।
कौसर जहां ने दी ईद की मुबारकबाद
इस मौके पर कौसर जहां ने कहा कि होली के ठीक बाद मैंने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। इसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री समेत तमाम दिग्गज नेता शामिल हुए। ये इस बात का प्रतीक है कि हमारा देश प्रेम व सद्भाव के खूबसूरत धागों से बंधा है। रमजान का पाक महीना है, ऐसे में मैं सभी लोगों को ईद की मुबारकबाद देती हूं। मैं चाहती हूं कि होली वाले दिन जुमे की नमाज के दौरान हिंदू-मुस्लिम भाइयों का भाईचारा देखने को मिला, वो आगे भी जारी रहे।