Delhi Heat Wave: दिल्ली की गर्मी से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। भीषण गर्मी और हीट वेव ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। साल 2024 में दिल्ली का तापमान 52 डिग्री पार कर चुका है। वहीं, बीती मंगलवार रात का तापमान भी रिकॉर्ड तोड़ था। मंगलवार की रात 12 वर्षों के बाद इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया है। इस गर्मी से लोगों को ना सिर्फ परेशानी हो रही है, बल्कि जान से हाथ भी धोना पड़ रहा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि बीते 2 दिनों में दिल्ली में लू लगने से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा नोएडा में भी भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा है। नोएडा में बीते 72 घंटों में 10 लोगों की मौत हो चुकी है।

दिल्ली में कब आएगा मानसून

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में 27-28 के आसपास मानसून एंट्री मारने वाला है। यानी अभी भी करीब एक सप्ताह तक दिल्ली के लोगों को गर्मी का कहर झेलना होगा। दिल्ली में गर्मी इतनी अधिक है कि हीट वेव के कारण कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। दिल्ली में हीट स्ट्रोक से जिन 7 लोगों की मौत हुई है, उनमें से 5 लोग RML अस्पताल में इलाज करा रहे थे, इसके अलावा 2 लोग सफर जंग अस्पताल में इलाज करा रहे थे। आपको बता दें कि दिल्ली में हीट स्ट्रोक से मौत के आंकड़े अभी और अधिक बढ़ सकते हैं। बताया जा रहा है कि अकेले राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 12 लोग अभी भी वेंटिलेटर पर हैं, जो जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली जल संकट: बीजेपी ने केजरीवाल का पुराना वीडियो शेयर किया, बताया कैसे होती है पानी की चोरी

सबसे गर्म रात का रिकॉर्ड टूटा

बढ़ती गर्मी के साथ अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। बीते 2 दिनों में कुल 23 मरीज राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती हुए हैं। बताया गया कि इनमें से अधिकांश लेबर क्लास के लोग हैं, जो धूप में काम कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें लू लग गया। बताते चलें कि दिल्ली में सिर्फ दिन के समय ही नहीं, बल्कि रात में भी भीषण गर्मी हो रही है। मंगलवार रात का तापमान पिछले 12 वर्षों में सर्वाधिक था। मंगलवार रात का तापमान 35.2 डिग्री रहा था। इससे पहले रात में दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री था, जो कि साल 2012 में दर्ज किया गया था।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने PM मोदी को लिखा पत्र, 21 जून तक नहीं मिला पानी तो शुरू होगा सत्याग्रह