Delhi MCD: आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12,000 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने का बड़ा ऐलान किया है। एमसीडी में सत्तारूढ़ आप सरकार ने इस फैसले को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह निगम के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी जीत है। यह प्रस्ताव 25 फरवरी को एमसीडी सदन की बैठक में पारित किया जाएगा।

आप सरकार ने निभाया अपना वादा 

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी के सभी अस्थायी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि आप सरकार ने अपना वादा निभाते हुए इन कर्मचारियों को स्थायी करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए लिया गया है।

पहले इतने कर्मचारी थे पक्के 

विधानसभा में नेता विपक्ष और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने पहले 4,500 कर्मचारियों को स्थायी किया था और अब 25 फरवरी को 12,000 और कर्मचारियों को पक्का करेंगे। यह एमसीडी के इतिहास का सबसे बड़ा फैसला है।

पहली बार महिला नेता विपक्ष 

आज आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक में आतिशी को दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष चुना गया। पहली बार दिल्ली विधानसभा में कोई महिला नेता विपक्ष के तौर पर दिखाई देगी। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री भी महिला हैं, जिससे यह एक ऐतिहासिक क्षण बन गया है।

पंजाब में भी लागू हो रही है नीति 

आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हमने यह कदम उठाया है और पंजाब में भी अनुबंध शिक्षकों को नियमित किया जा रहा है। हमारी सरकार कर्मचारियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के लिए हमेशा काम करती रहेगी। एमसीडी सदन की आगामी बैठक 25 फरवरी को होगी, जहां इस प्रस्ताव को औपचारिक रूप से मंजूरी दी जाएगी।