Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी अक्टूबर में अप्रैल जैसी गर्मी सताने लगती है तो कभी ऐसा लगता है कि मानों हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। ऐसे मौसम में लोगों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की ज्यादा जरूरत है। वरना, आप बीमार पड़ सकते हैं। आइए जानते हैं कि आज मौसम कैसे रहने वाला है और राजधानी में प्रदूषण की स्थिति क्या है। 

मौसम विभाग की मानें, तो आज यानी गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध की चादर देखने को मिल सकती है। आज का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजधानी में 25 से 29 अक्टूबर तक सुबह के समय धुंध छाई रहेगी। हालांकि, दिन के समय आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। जिसके चलते शुक्रवार से अगले तीन दिनों का दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री तक रहने की संभावना जताई जा रही है। 

बुधवार को कितना रहा दिल्ली का तापमान 

आईएमडी की मानें, तो बुधवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। वहीं दिल्ली में अक्टूबर महीने का सबसे कम तापमान 15 तारीख को दर्ज किया गया था, जो  17.4 डिग्री सेल्सियस था। 

दिल्ली के 11 इलाकों में बेहद खराब श्रेणी में पहुंची हवा 
सीपीसीबी की मानें, तो बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है। राजधानी का अधिकतम एक्यूआई (AQI) 364 रिकॉर्ड किया गया है। वहीं दिल्ली के 11 इलाकों में एक्यूआई ‘बेहद खराब श्रेणी’ को भी पार कर गया है। यहां AQI  400 से भी ऊपर पहुंच गया है। इन इलाकों में आनंद विहार, शादीपुर, द्वारका, आईटीओ और करोलबा समेत अन्य शामिल है। 

हरियाणा में आज कैसा रहेगा तापमान 

आईएमडी चंडीगढ़ की मानें, तो हरियाणा में 29 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा। हालांकि, इस बीच तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में गुरुवार का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।