Delhi Mausam: देश की राजधानी दिल्ली भंयकर गर्मी से उबल रही है। आलम ये है कि लोगों को न तो कूलर में राहत मिल रही और न ही पंखे में। हर तरफ गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। दिन में तो लू चल ही रही है लेकिन रात में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो कि सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। ये इस सीजन में सबसे अधिक है।

दिल्ली-एनसीआर में आज लू का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने आज बुधवार को दिल्ली में लू का रेड अलर्ट घोषित किया है। दिन में पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। कई जगहों पर हीट वेव से लेकर सीवियर हीट वेव के हालात रहेंगे यानी हवाएं बेहद गर्म होंगी। हवा की स्पीड भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे रहेगी। भीषण गर्मी के बीच मंगलवार दोपहर दिल्ली में बिजली की अधिकतम खपत 8,647 मेगावाट तक पहुंच गई, जो शहर में अब तक का उच्चतम स्तर है।

कल बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग ने 19 और 20 जून को येलो अलर्ट की भविष्यवाणी की है। आसार है कि अगले दो दिनों में कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, इससे भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। दिन तो छोड़िए, रात में भी गर्म हवाएं चल रही हैं। दिल्ली वाले अब बारिश का बड़े ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

दिल्ली कब पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हवाएं इतनी मजबूती से चल रही हैं कि मानसून को आगे बढ़ाने वाली पूर्वी हवाएं कमजोर पड़ रही हैं। हाल फिलहाल में बड़ी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 10 दिनों तक प्रचंड गर्मी सहनी होगी। 27 जून के करीब दिल्ली में मानसून संबंधी गतिविधियां शुरू होने के आसार हैं। दिल्ली में जून के आखिर या जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून पहुंच सकता है।

24 घंटे में 33 लोगों की मौत

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 33 लोगों की मौत हो गई। यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। पुलिस के पास अभी पांच जिलों का डेटा नहीं है। पुलिस अधिकारियाों का कहना है कि इसमें ज्यादातर लोग फुटपाथ व रैन बसेरों में रहने वाले थे। शुरुआती जांच में पुलिस इनकी मौत का कारण गर्मी ही मान जा रही है। हालांकि, यह भी कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो जाएगी। उधर, दिल्ली के 38 अस्पतालों में हर रोज बेहोशी, उल्टी व चक्कर आने के 100 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं।