Logo
Delhi New CM Reaction: भाजपा ने एक बार फिर से सभी को चौंकाते हुए पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता को दिल्ली का सीएम बना दिया है। चलिए बताते हैं रेखा गुप्ता के सीएम बनने पर किसने क्या कहा है।

Reaction on Delhi New CM Rekha Gupta: शालीमार बाग विधानसभा सीट से जीत दर्ज करने वाली रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया सीएम बनाया गया है। वह कल रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ लेने वाली है। सीएम रेस में रेखा गुप्ता का नाम सभी से आगे चल रहा था। आज आरएसएस ने भी नए सीएम के लिए रेखा गुप्ता का ही नाम सुझाया था, अब आधिकारिक तौर पर भी भाजपा ने यह ऐलान कर दिया है कि रेखा गुप्ता ही नई सीएम होगी। इस ऐलान के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल से लेकर आतिशी तक सभी का रिएक्शन आ रहा है। चलिए बताते हैं किसने क्या कहा है।

अरविंद केजरीवाल: दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर बहुत-बहुत बधाई। मुझे उम्मीद है कि वह दिल्ली की जनता से किए गए सभी वादे पूरे करेंगी। हम दिल्ली की जनता के विकास और कल्याण के लिए उनके हर काम में उनका साथ देंगे।

रेखा गुप्ता: रेखा गुप्ता ने सीएम बनने के बाद कहा कि मैं आप सभी के आशीर्वाद के लिए आभारी हूं। मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का भी धन्यवाद करती हूं।

दिल्ली भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मारवाह: उन्होंने कहा कि पहली बार विधायक बनने पर एक महिला को मुख्यमंत्री बनाया है, क्योंकि उनमें वह योग्यता है। हम पीएम मोदी की गारंटी को घर-घर पहुंचाएंगे और लोगों की सेवा करेंगे।

बांसुरी स्वराज: बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि रेखा गुप्ता को बहुत-बहुत बधाई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेखा गुप्ता दिल्ली के विकास का नया अध्याय लिखेंगी।

राजनाथ सिंह: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। मेरा दृढ़ विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और उनके प्रयासों से दिल्ली विकसित भारत की विकसित राजधानी बनेगी।

कैलाश गहलोत: आप छोड़ बीजेपी में शामिल होने वाले कैलाश गहलोत ने कहा कि रेखा गुप्ता को और दिल्ली की जनता को हार्दिक बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में वे अद्भुत काम करेंगी।

हर्ष मल्होत्रा: केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी न केवल महिला सशक्तिकरण के बारे में बोलते हैं, बल्कि इसके लिए काम भी करते हैं। उन्हें विधायकों का नेता चुना गया है।

आतिशी: दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने कहा कि मैं रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देती हूं। मुझे उम्मीद है कि भाजपा दिल्ली की जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी। मैं आप की तरफ से कहना चाहूंगा कि हमारी पार्टी यहां के विकास कार्यों के लिए भाजपा को अपना समर्थन देने के लिए हमेशा तैयार है। वह दिल्ली की चौथी मुख्यमंत्री होंगी, और यह बहुत अच्छी बात है कि महिलाएं राजनीति में बड़े उत्साह के साथ आगे आ रही हैं।

रामवीर सिंह बिधूड़ी: बीजेपी सांसद रामवीर सिंह ने कहा कि सभी सांसद और विधायक उपराज्यपाल से मिलेंगे और उन्हें सूचित करेंगे कि भाजपा विधायक दल ने रेखा गुप्ता को अपना नेता चुना है। वह कल दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।

ये भी पढ़ें:- Delhi New CM Live: रेखा गुप्ता के सिर सजा दिल्ली सीएम का ताज, वीजेंद्र गुप्ता होंगे विधानसभा स्पीकर, पीएम मोदी ने दी बधाई

5379487