Delhi Oath Ceremony: दिल्ली में अब भाजपा सरकार। रेखा गुप्ता ने गुरुवार (20 फरवरी 2025 ) दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। रामलीला मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके बाद प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्रराज और पंकज सिंह ने शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए शासित प्रदेशों के सीएम और डिप्टी सीएम भी मंच पर मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच तैयार किए गए। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सहयोगी सदस्य और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी उपस्थित रहे। दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे, जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार मौजूद थे।
पीएम मोदी रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं। उनके पहुंचते ही जनता में और भाजपा नेताओं में अलग ही जोश जुनून दिखने लगा। मोदी के मंच पर पहुंचते ही मोदी-मोदी के नारे लगने लगे।
भाजपा सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी ने क्या कहा
दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह पर भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा भाजपा नेता रेखा गुप्ता दिल्ली की सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री बनकर उभरेंगी। हम संकल्प पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे। आयुष्मान भारत योजना को पहली कैबिनेट बैठक में ही दिल्ली में लागू किया जाएगा। आप नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण पहुंचे
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे।
कांग्रेस नेता आलका लांबा का बयान
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा, दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता को मेरी शुभकामनाएं। जब उनके नाम की घोषणा हुई तो मैं पुरानी यादों में खो गई। हमारी उनसे हमेशा वैचारिक लड़ाई रही है। दिल्ली में हमारी बेटियों की सुरक्षा मुख्य चिंता है, मुझे उम्मीद है कि वह इस पर काम करेंगी।अगर वह इस दिशा में काम करेंगी तो हम उनका समर्थन करेंगे
भाजपा के कई सीएम पहुंचे
रेखा गुप्ता रामलीला मैदान में पहुंच चुकी है। इससे पहले उन्होंने मरघट वाले हनुमान मंदिर में दर्शन किए। रेखा गुप्ता ने बीजेपी के सभी मुख्यमंत्रियों से रामलीला मैदान में मुलाकात की। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य और ब्रजेश पाठक, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के अलावा राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा भी दिल्ली CM के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं।
दिल्ली बीजेपी मंत्री मनजिंदर सिंह क्या बोले?
दिल्ली के मंत्री के रूप में आज शपथ लेने जा रहे भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे उस टीम का हिस्सा बनने का मौका दिया जो पीएम मोदी के विजन को लागू करेगी। दिल्ली को साफ पानी, साफ हवा मिलेगी, हम भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे और अरविंद केजरीवाल को अपना ज्यादातर समय जेल में बिताना पड़ेगा।
मोहन यादव ने क्या कहा?
इसके अलावा भाजपा ने डिप्टी स्पीकर के नाम का भी ऐलान कर दिया है। मोहन सिंह विष्ट दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर होंगे। उन्हें ये जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि मेरे पास 25 साल का अनुभव है। मैं पार्टी की उम्मीदों के मुताबिक सदन चलाने में मदद करूंगा। दिल्ली की महिलाओं ने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाई। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। यह दिल्ली का सबसे अच्छा विधानसभा सत्र होगा।
रेखा गुप्ता दोपहर 12:35 बजे शपथ लेने वाली है। सीएम के लिए नाम ऐलान के बाद उन्होंने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं रामलीला मैदान में शपथ लूंगी। पीएम मोदी और पार्टी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, मैं इसे जरूर पूरा करूंगी। उन्होंने आगे कहा कि पीएम सिर्फ महिला सम्मान की बात नहीं करते हैं, बल्कि वह साबित भी करके दिखाते हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री एक महिला को बनाकर पीएम मोदी ने साफ कर दिया है कि वह महिलाओं को आगे बढ़ाना चाह रहे हैं।
ये 6 नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ
दिल्ली बीजेपी ने यह भी तय कर दिया है कि मुख्यमंत्री के अलावा कैबिनेट मंत्रालय की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी। भाजपा ने 6 नाम जारी कर दिया है, जिनमें मुख्यमंत्री की रेस में शामिल नई दिल्ली सीट से जीत दर्ज करने वाले प्रवेश वर्मा और जनकपुरी सीट से विधायक आशीष सूद भी शामिल हैं। उनके अलावा 4 अन्य मंत्रियों में रजौरी गार्डन से विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा, बवाना सीट से रविंदर इंद्राज सिंह, करावल नगर से कपिल मिश्रा और विकासपुरी से पंकज कुमार सिंह का नाम शामिल है। आज ये 6 नेता भी मंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं।
ये 2 सीएम नहीं होंगे समारोह में शामिल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से कई बड़े हस्ती आने वाले हैं। बिजनेसमैन मुकेश अंबानी से लेकर गौतम अडानी तक को इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा एनडीए के जितने भी समर्थक दल हैं, उन्हें भी बुलाया गया है। मशहूर सिंगर कैलाश खैर अपनी सुर से समां बांधेंगे। जाने-माने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को भी इस समारोह में शामिल होने के लिए न्योता दिया गया है। हालांकि इस समारोह में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा शामिल नहीं होने वाले हैं।
ये भी पढ़ें:- Delhi New CM: केजरीवाल से लेकर...राजनाथ सिंह तक, जानिए रेखा गुप्ता के सीएम बनने पर किसने क्या कहा?