Delhi Weather Update: होली के बाद से दिल्ली में कभी बादलों की आवाजाही, तो कभी पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम खुशनुमा रहा। हालांकि अब गर्मी बढ़ने वाली है, जिससे लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज तेज धूप और हवा के कारण आसमान साफ रहेगा, जिसके कारण लोगों को गर्मी का ज्यादा एहसास होगा। आज अधिकतम तापमान में दो फीसदी का इजाफा हो सकता है।
कैसा रहेगा आज का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से 38 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं आज पूरे दिन तेज धूप रहेगी। साथ ही तेज हवाएं चलेंगी, जो लू का एहसास दिलाएगी। हवा 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। हवा में 44 फीसदी नमी दर्ज की गई है। कल गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। गुरुवार को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक रह सकता है।
कैसी है दिल्ली की हवा?
मौसम के अलग-अलग कारकों के कारण दिल्ली की हवा का स्तर थोड़ा ठीक है, लेकिन कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता अभी भी चिंताजनक स्थिति में बनी हुई है। आज सबसे कम एक्यूआई सोनिया विहार में दर्ज किया गया, जो 139 है। वहीं सबसे अधिक एक्यूआई मुंडका में दर्ज किया गया, जो 359 रहा। वहीं अधिकतर इलाकों में एक्यूआई 200 से ऊपर दर्ज किया गया।
इस साल अधिक सताएगी गर्मी
मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, इस साल गर्मियों में हमेशा के मुकाबले अधिक गर्मी पड़ सकती है। देश में अप्रैल से जून तक तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। कहा जा रहा है कि पश्चिमी और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य रहने की संभावना है, तो वहीं अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में क्यों लग रहे पावर कट: मंत्री आशीष सूद ने बताई वजह, बोले- सोशल मीडिया पर अफवाह फैला रही AAP