Delhi Weather Record: साल 2024 दिल्ली के लिए रिकॉर्ड ब्रेकिंग ईयर रहा है। पहले तो भीषण गर्मी से लोग मई और जून के महीने में त्राहि-त्राहि करने को मजबूर हो रहे थे। दिल्लीवासियों को बारिश के मौसम का इंतजार था, ताकि गर्मी से राहत मिल सके। अब जब राजधानी में बारिश का मौसम आया, तो फिर से एक रिकॉर्ड कायम कर दिया। अगस्त महीने में पिछले 14 वर्षों में दिल्ली में सबसे अधिक बारिश हुई है।

1961 में सबसे ज्यादा हुई थी बारिश

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 अगस्त यानी शुक्रवार शाम तक दिल्ली में अगस्त महीने में कुल 393.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो कि पिछले 14 वर्षों में अगस्त में हुई बारिश में अधिकतम है। इससे पहले साल 2010 में अगस्त महीने में सर्वाधिक 455.1 मिमी बारिश हुई थी। इसके अलावा अगस्त 2012 में भी 378.8 मिमी बारिश हुई थी। वहीं, दिल्ली के इतिहास में अगस्त में सबसे अधिक वर्षा 1961 में दर्ज की गई थी। इस साल 583.3 मिमी बारिश हुई थी। गर्मी के मौसम में दिल्लीवासी सिर्फ गर्मी से ही नहीं, बल्कि पानी की किल्लत भी महसूस कर रहे थे।

तापमान में भी देखी गई गिरावट

अब जब दिल्ली का मौसम  मेहरबान हुआ, तो 14 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब बारिश के बाद दिल्ली में इतना पानी भर जाता है कि कई रास्ते बंद हो जाते हैं, अंडरपास में जलभराव देखने को मिलता है। बताते चलें कि बारिश के कारण दिल्ली के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीती गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम और पिछले 4 वर्षों में अगस्त माह के किसी दिन का सबसे कम तापमान था।

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली का अगस्त महीने का औसतन तापमान 34.1 डिग्री दर्ज किया गया है, जो कि 2013 के बाद सबसे कम है। अगस्त 2013 में दिल्ली का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री दर्ज किया गया था।

ये भी पढ़ें:- Weather Update: दिल्ली और हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश पर लगेगा विराम, IMD ने दिया ये अपडेट