Cruise Service In Delhi: दिल्ली में यमुना नदी को फिर से साफ करने के साथ-साथ सरकार एक नया विचार भी कर रही है, जिससे राजधानी दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। दिल्ली सरकार यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है। दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस प्लान के तहत क्रूज संचालन के लिए वजीराबाद बैराज (सोनिया विहार) से जगतपुर (शनि मंदिर) तक यमुना का छह किलोमीटर का हिस्सा विकसित किया जाना है। इसके लिए योग्य ऑपरेटर की तलाश में विभाग की ओर से टेंडर भी जारी कर दिया गया है।
करीब 8 किमी को होगा क्रूज का सफर
जानकारी के मुताबिक, इस क्रूज सेवा में दो सोलर या इलेक्ट्रिक बैटरी से चलने वाली नावें होंगी, जो सोनिया विहार से शुरू होकर जगतपुर (शनि मंदिर) तक जाएंगी। इसके बाद वहां से वापस लौटेंगी। बता दें कि क्रूज का कुल सफर 7 से 8 किलोमीटर का होगा, जिसमें 20 से 30 लोग एक साथ बैठ सकेंगे। यह क्रूज मानसून के दिनों को छोड़कर बाकी के 270 दिन चलाए जाएंगे। यह आधुनिक तकनीकों से लैस होंगे, जिसका किराया पर्यटन विभाग की ओर से तय किया जाएगा।
बता दें कि इस परियोजना को दिल्ली जल बोर्ड, इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (आईडब्ल्यूएआई), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और बाढ़ नियंत्रण विभाग के संयुक्त प्रयासों से शुरू की जाएगी। इसके अलावा फ्लोटिंग जेटी, नेविगेशन सुविधाएं और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की भी व्यवस्था की जाएगी।
क्रूज में होंगी बेहद खास सुविधाएं
इस परियोजना के तहत शुरुआत में सिर्फ 2 इलेक्ट्रिक या सोलर हाइब्रिड नावें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिसमें 20 से 30 लोग यात्रा का आनंद ले पाएंगे। यह क्रूज 5 से 7 नॉट्स की रफ्तार से चलेंगी। साथ ही इसमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट्स, अनाउंसमेंट सिस्टम और इनबोर्ड बायो-टॉयलेट (शून्य उत्सर्जन) जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। क्रूज के ऑपरेटर को यह सुनिश्चित करना होगा, कि क्रूज यात्रियों के लिए सुरक्षित और विश्वसनीय हो और साथ सफर आरामदायक हो। जानकारी के मुताबिक, यह क्रूज एक दिन में कम से कम चार ट्रिप लगाएंगे।
दिल्ली सरकार की इस पहल से जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा यमुना नदी की सूरत में भी काफी सुधार होगा। इससे राजधानी दिल्ली में लोग क्रूज का आनंद भी आसानी से ले पाएंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में जलभराव पर भड़के मंत्री: आशीष सूद ने की AAP सरकार की आलोचना, लगाया ये बड़ा आरोप