Weather Update: दिल्ली में लगातार गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। मौसम विभाग की मानें, तो अगले दो दिनों में दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसके साथ ही मानसून भी राजधानी जल्द ही दस्तक दे देगा।

दरअसल, दिल्ली वालों के लिए शनिवार का दिन थोड़ी राहत भरा रहा। यहां तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है। जून में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं दिल्ली में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 27 जून बताई जा रही है। हालांकि, कई बार मानसून को लेकर लंबा इंतजार करना पड़ा है। वहीं, उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां मानसून आने में समय लग सकता है। मौसम विभाग की मानें, तो 28 जून तक मानसून बिहार से सटी उत्तर प्रदेश की सीमा पर प्रवेश कर जाएगा। इसके बाद 27 जून के बाद पूरे राज्य को कवर करेगा। इसके अलावा राजस्थान में 25 जून तक प्री मानसून का दौर जारी रहेगा। 27 जून के बाद राजस्थान में मानसून के दस्तक देने की संभावना है।

हरियाणा में फिर बढ़ा तापमान
दिल्ली से सटे हरियाणा की बात करें तो यहां 3 दिन की राहत के बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है।  दिन में धूप निकलने की वजह से औसतन तापमान में 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान की बात करें तो करनाल में ज्यादा वृद्धि देखने को मिली है। यहां दिन में तापमान 7.9 डिग्री की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। वहीं, सिरसा में अधिकतम तापमान 6.7 डिग्री तक बढ़ गया है। वहीं हरियाणा में 14 जिले ऐसे भी हैं, जहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा है।

IMD ने हरियाणा में जारी किया येलो अलर्ट 
मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा में आज और कल यानी 24 जून को लू फिर से दस्तक दे सकती है। इसके लिए आईएमडी की ओर से प्रदेश में येलो अलर्ट भी जारी किया है। यहां अगले 3 दिनों तक दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। वहीं 26 से 28 जून तक बारिश होने की संभावना है।