Logo
Kolkata Doctor Rape Murder Case: कोलकाता कांड को लेकर देशव्यापी डॉक्टर्स की हड़ताल जारी है। दिल्ली एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स ने कोलकाता कांड के विरोध में जंतर मंतर पर ओपीडी लगाई।

Kolkata Doctor Rape Murder Case: कोलकाता कांड को लेकर देश भर में आम जन से लेकर डॉक्टर्स विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इसके चलते स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई है। डॉक्टर्स हड़ताल भी कर रहे हैं और इमरजेंसी में इलाज भी कर रहे हैं। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर से हुई दरिंदगी की घटना पर सुप्रीम कोर्ट ने भी एक्शन लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने इसको लेकर राष्ट्रीय टास्क फोर्स गठित करने के फैसले किया है, लेकिन इसके बाद भी रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म नहीं हुई।

AIIMS के डॉक्टर्स ने जंतर मंतर लगाई ओपीडी

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (AIIMS) के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के आह्वान पर आज बुधवार को कोलकाता कांड के विरोध में डॉक्टर्स ने जंतर मंतर पर ओपीडी लगाई। कोलकाता की घटना के विरोध में देशव्यापी डॉक्टर्स की हड़ताल के समर्थन में एम्स के आरडीए ने यह फैसला लिया।

रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने लिया फैसला

इसको लेकर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने आज बुधवार को एक विज्ञप्ति भी जारी की है। आरडीए ने विज्ञप्ति में आरजी कर मामले में आए फैसले के लिए सुप्रीम कोर्ट के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा है कि आरजी कर मामले में एकजुटता व्यक्त करने और रोगी देखभाल के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने के लिए सुबह 11:00 बजे से जंतर मंतर से ओपीडी सेवाएं प्रदान करेंगे।

AIIMS ने डॉक्टरों से काम पर लौटने की अपील की

वहीं, एम्स प्रशासन के हड़ताल कर रहे रेजिडेंट डॉक्टर्स से काम पर वापस लौटने की अपील की है। प्रशासन ने डॉक्टर्स से मरीजों के हित में काम पर वापस लौटने की अपील की है। बता दें कि रेजिडेंट डॉक्टर्स के हड़ताल पर रहने से मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों में लंबी-लंबी लाइने लगी हैं। स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

दिल्ली में चिकित्सा सेवाएं प्रभावित

बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या से रेजिडेंट डॉक्टरों में आक्रोश है। इसको लेकर रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं। दिल्ली में लगातार 10 दिन से एम्स, सफदरजंग, आरएमएल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (एलएचएमसी), लोकनायक, जीबी पंत सहित सभी बड़े अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं प्रभावित हो रही है। जिसके चलते दिल्ली की चिकित्सा सेवाएं चरमरा चुकी हैं।

इससे दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाएं और मरीज प्रभावित हो रहे हैं। हड़ताल से दिल्ली में अब तक कई हजार से अधिक सर्जरी टल गई। इसके साथ ही वेटिंग लिस्ट भी लंबी होती जा रही है। एम्स समेत दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।

5379487