Arms Smugglers Arrested: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एमपी से अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो लोगों को अरेस्ट किया है। इनके पास से 20 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद हुई। गिरफ्त में आए लोगों के नाम मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी रहीम उर्फ बेटी और महाराष्ट्र के अमरावती निवासी विशाल सोलव है।

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हथियारों की यह खेप पकड़े जाने को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और सिमकार्ड भी जब्त किए हैं। डीसीपी मनोज सी के अनुसार, दोनों के बुराड़ी इलाके में आने का इनपूट मिला था। पता चला था कि शाहदरा निवासी आसिफ को हथियार सप्लाई होंगे।

ट्रैप लगाकर किया गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस ने ट्रैप लगाकर दो लोगों को पकड़ लिया। रहीम 10 साल से अधिक समय से इस धंधे में शामिल है। वह बैतूल के शेख आजम से अवैध पिस्टल खरीद आगे सप्लाई करता था। शेख आजम कई साल से देश के विभिन्न हिस्सों में हथियार भेज रहा है। विशाल रहीम को तीन साल से जानता है। रहीम उसे प्रत्येक डिलीवरी के एवज में पांच हजार रुपये देता था। रहीम आधा दर्जन मामलों में शामिल रहा है। शेख आलम 10 हजार से 20 हजार में प्रति पिस्टल बेचता था। आगे इनके 30 हजार तक वसूले जाते थे।

पहले भी दो सप्लायरों को किया था गिरफ्तार

इससे पहले फरवरी में भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों के दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया था। इनसे 18 देशी कट्टे बरामद हुए थे। एटा, यूपी से खरीदकर इन हथियारों को दिल्ली एनसीआर में सप्लाई किए जाते थे। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के नाम हरेंद्र सिंह और संदीप सिंह परमार हैं। दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने इन्हें गीता कालोनी फ्लाईओवर के पास से दबोचा था।