Mausam Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम तेजी से बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से सुबह-शाम सर्दी और दिन में धूप खिलने के बाद गर्मी का अहसास होता है। हालांकि, पिछले दिनों हुई बारिश के चलते बसंत की रंगत भी दिखाई दे रही है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस फरवरी में एकदम से तापमान को बढ़ने से रोक रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक वैलेंटाइन डे के दिन यानी 14 फरवरी को दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद तापमान हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। अगर आप दिन की धूप देखकर सर्दी के कपड़ों को रखने के बारे में सोच रहे हैं तो ऐसी गलती न अभी न करें। क्योंकि, अभी 20 और 21 फरवरी को भी दिल्ली में बारिश की संभावना है।

कब होगी बारिश 

बीते दिन राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम यानी 7 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आज सोमवार को आसमान साफ रहेगा। दोपहर के बाद आंशिक बादल देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 8 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद 13 जनवरी को बादलों की परत कुछ गहरी होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 10 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 14 फरवरी को हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक तब अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 11 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद 15 से 17 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 8 से 9 डिग्री रहने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें:- अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज के साथ होगी रिमझिम बारिश 

कोहरे के चलते हवाई उड़ाने प्रभावित 

दिल्ली में सुबह के वक्त अभी भी कोहरा देखने को मिल रहा है, जिसके चलते अभी भी हवाई उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। दिल्ली में बीते दिन यानी रविवार को आईजीआई एयरपोर्ट के पास सुबह में छह घंटे घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान न्यूनतम दृश्यता महज 50 मीटर रही। इससे 244 उड़ानें प्रभावित हुईं। सुबह साढ़े नौ बजे के बाद दृश्यता में सुधार हुआ। सुबह के वक्त पारा सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम होने से ठंड भी रही लेकिन दिन में आकाश साफ होने और तेज धूप निकलने से ठंड से राहत रही।