Delhi Weather Today : राजधानी दिल्ली में मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने घने कोहरे को देखते हुए अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोहरे की वजह से रेल, हवाई और सड़क यातायात पर भी असर देखने को मिला। दिल्ली के कई इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रही।  
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में मंगलवार सुबह घने कोहरे के साथ शीतलहर चली। इस वजह से दृश्यता क्षमता सौ मीटर से भी कम रह सकती है। मौसम विभाग की मानें, तो सुबह 6 बजे से लेकर 9 बजे तक इसका बड़ा असर दिल्ली के कई इलाकों में देखने को मिलेगा। रेल एवं हवाई यातायात भी काफी प्रभावित रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन तक कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि, गुरुवार से शनिवार तक मध्यम श्रेणी का कोहरा रह सकता है।

दो डिग्री से ज्यादा दर्ज की गई तापमान में गिरावट

वहीं दिल्ली के तापमान में सोमवार को दो डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।  सोमवार के तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अभी के मौसम में सामान्य है।  इसके अलावा रविवार को अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री था।

मौसम विभाग ने वाहन चालकों के लिए जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर वाहन चालकों को अलर्ट किया है। वाहन चालकों से अपील की है कि सुबह के समय कोहरे में धीमी रफ्तार से गाड़ी चलाएं। आगे चल रही गाड़ी से दूरी बनाकर रखें और अगर साफ दिखाई नहीं दे रहा हो तो गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर लें। वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहन चालकों को सलाह दी है कि यातायात के नियमों का पालन करें। कोहरे के दौरान वाहन के आगे और पीछे रेडियम रिफ्लेक्टर जरूर लगवाएं। ताकि बड़ी दुर्घटना होने से बच सके। 

क्या होता है ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग की मानें, तो ऑरेंज अलर्ट का मतलब होता है कि खतरे ने दस्तक दे दी है। अब आपको बिल्कुल भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए। इसके बाद कभी भी मौसम की खतरनाक स्थिति आपके सामने आ सकती है। ऐसे में आप खुद को उस स्थिति से निपटने के लिए तैयार कर लें।