Delhi Politics: दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणामों को आए 10 दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक भाजपा अपना मुख्यमंत्री नहीं चुन पाई है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी और आतिशी मार्लेना भाजपा पर तंज कस चुकी हैं कि भाजपा आंतरिक कलह के कारण अब तक मुख्यमंत्री नहीं चुन पाई है। इस पर वीरेंद्र सचदेवा भी आतिशी को जवाब दे चुके हैं कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री अपने पद की गरिमा का ध्यान रखें और गलत बयानबाजी न करें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी को नेता प्रतिपक्ष तक नहीं बनाना चाहते। ऐसे में सवाल ये उठता है कि अगर आतिशी नेता प्रतिपक्ष नहीं बनती हैं, तो आम आदमी पार्टी के वे कौन से नेता हैं, जो नेता प्रतिपक्ष की रेस में हो सकते हैं।
2025 में आप के खाते में 22 सीटें
बता दें कि 8 फरवरी को घोषित हुए परिणामों के अनुसार, दिल्ली में आम आदमी पार्टी के खाते में 22 सीटें आई हैं। इनमें जीतने वाले आतिशी मार्लेना, गोपाल राय, सही राम और संजीव झा ऐसे नेता हैं, जो नेता प्रतिपक्ष के लिए उम्मीदवार हो सकते हैं। वीरेंद्र सचदेवा के अनुसार, आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी को नेता प्रतिपक्ष नहीं देखना चाहते हैं, तो ऐसे में गोपाल राय लोगों के लिए नेता प्रतिपक्ष का चेहरा हो सकते हैं। हालांकि अगर गोपाल राय किसी कारणवश नेता प्रतिपक्ष नहीं बनते हैं, तो सही राम और संजीव झा नेता प्रतिपक्ष की रेस में सबसे आगे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में नए सीएम पर घमासान: बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का पलटवार, आतिशी कुर्सी पर बैठकर भी सीएम नहीं बनीं
आतिशी को नेता प्रतिपक्ष नहीं देखना चाहते आप नेता - वीरेंद्र सचदेवा
वीरेंद्र सचदेवा ने अपने एक बयान में कहा था कि आतिशी मार्लेना एक बार फिर से कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक जरूर चुनी गई हैं लेकिन उनके पास कोई राजनीति जमीन नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि 3-5 बार विधायक चुने गए मतीन अहमद, गोपाल राय, संजीव झा, कुलदीप कुमार और जरनैल सिंह, आले मुहम्मद, पुनर्दीप सिंह साहनी आदि आतिशी मार्लेना को नेता प्रतिपक्ष के रूप में स्वीकार नहीं करना चाहते। बता दें कि आतिशी के अलावा गोपाल राय, संजीव झा और सही राम नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में आगे हो सकते हैं।
कौन हैं गोपाल राय
गोपाल राय आम आदमी पार्टी के नेता हैं और वे पहले सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं। वे दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अधीन दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री, वन और वन्यजीव मंत्री, विकास और सामान्य प्रशासन मंत्री रहे हैं। वे 2025 में भी बाबरपुर विधानसभा से जीतकर विधायक बने हैं।
2013 से 2025 तक विधायक हैं संजीव झा
आम आदमी पार्टी के गठन के बाद संजीव झा 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुराड़ी विधानसभा के विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2015 और 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में वे फिर से बुराड़ी से जीतकर विधायक बने। इसके अलावा 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए पांचवीं बार बुराड़ी से जीत हासिल की।
कौन हैं सही राम
आप नेता सही राम 2007 और 2012 में दिल्ली नगर निगम के पार्षद रहे हैं और 2013 में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महापौर रहे हैं। इसके बाद वे साल 2015 और 2020 के बाद अब 2025 में भी तुगलकाबाद से विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने हैं।
ये भी पढ़ें:- दिल्ली में नए सीएम पर घमासान: बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का पलटवार, आतिशी कुर्सी पर बैठकर भी सीएम नहीं बनीं