Logo
Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली में एक महिला से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने महिला को RBI का लेटर भेजकर 10 लाख रुपये ठग लिए। दिल्ली में गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष साइबर धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतों की संख्या में 200 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। पढ़िए रिपोर्ट...

Delhi Cyber Crime: साइबर क्राइम के मामलों की संख्या में इन दिनों काफी इजाफा देखने को मिल रहा है। साइबर क्राइम पर रोक लगाने के लिए दिल्ली पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। इसके बावजूद भी साइबर क्राइम पर रोक नहीं लग पा रही है। ताजा मामले में एक सॉफ्टवेयर डेवलपर कंपनी में सीनियर पोजिशन पर कार्यरत महिला से साइबर ठगों ने 10 लाख 75 हजार 757 रुपये ठग लिए। गौरतलब है कि कस्टम में रुका पार्सल और मुंबई पुलिस का अफसर बताकर ठगी करने वाला अंदाज तो पुराना हो गया है, लेकिन पुराने ही अंदाज में शातिर ठगों ने महिला को ठग लिया। लेकिन, इसमें बैंक अकाउंट की रकम अवैध बताकर और उसे वेरीफाई के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) भेजने का पैंतरा नया था, जिससे महिला ठगी की शिकार हो गई और ठगों ने 10 लाख 75 हजार 757 रुपये का चूना लगा दिया। जानकारी के मुताबिक महिला ने पहले तो मामले को कुछ दिनों तक छिपा कर रखा, लेकिन अब दिल्ली के ईस्ट जिला साइबर थाने में केस दर्ज कराई है।

मुंबई साइबर सेल का अधिकारी बन कर किया कॉल

पुलिस अफसरों ने साइबर ठगी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता 54 साल की महिला परिवार के साथ मयूर विहार फेज-1 में रहती हैं। वह नोएडा स्थित एक सॉफ्टवेयर डेवलपर कंपनी में सीनियर पोस्ट पर हैं। 11 सितंबर 2023 को एक कुरियर कंपनी की तरफ से कस्टम में रुके पार्सल का कॉल आया, जिसमें ड्रग्स समेत कई अवैध चीजें होने की बात कही गई। इसके थोड़ी देर बाद कॉलर कहने लगा कि पार्सल आपका नहीं है, तो घबराने की जरुरत नहीं है, मुंबई साइबर सेल को कॉल ट्रांसफर किया जा रहा है, जहां से आप पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट ले लें। कॉल ट्रांसफर हुई तो दूसरी तरफ से एक महिला एसीपी साइबर अंधेरी पुलिस स्टेशन बताते हुए विडियो कॉल के जरिए अपने डॉक्यूमेंट्स वेरीफाई कराने को कहने लगी। इसके बाद पीड़िता ने पहचान साबित करने को कहा तो दूसरी तरफ से वॉट्सऐप पर पुलिस का आई-कार्ड भेज दिया। पीड़िता को भरोसा हुआ तो अपना आधार कार्ड और पैन कार्ड दिखा दिए।

RBI का लेटर भेज दिलाया विश्वास

इसके बाद ठगों ने थोड़ी देर बाद कुछ फोटो भेजा और पहचान पूछी तो पीड़िता ने इनकार कर दिया। फिर ठगों ने कहा कि अब आप की कॉल डीसीपी को ट्रांसफर की जा रही है। इसके बाद एक शख्स ने डीसीपी साइबर सेल मुंबई बताते हुए महिला के खाते में अवैध रकम होने का शक जाहिर किया। ऐसे में जिस बैंक अकाउंट सबसे ज्यादा रकम है, उसे आरबीआई से वेरीफाई कराने को कहने लगा। दावा किया कि आधे घंटे में ये रकम रिफंड हो जाएगी। महिला को शक न हो, इसलिए वॉट्सऐप आरबीआई का एक लेटर भी भेजा। पीड़िता घबरा गई, इसके बाद 10,75, 757 रुपये ट्रांसफर कर दिए और ठगी की शिकार हो गई।

एक साल में बढ़े Cyber Crime के 200% मामले

जानकारी के लिए बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में साइबर क्राइम के बढ़ते मामले को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने 2021 में दिल्ली के सभी जिलों में एक-एक साइबर थाना खोला था। लेकिन इसके बाद भी पिछले साल की तुलना में साइबर अपराधों की संख्या में  बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। पिछले साल की तुलना में इस साल साइबर अपराध से संबंधित दर्ज की गई शिकायतों की संख्या पर गौरलब फरमाएं तो पता चलता है कि साल 2023 में साइबर अपराध की संख्या में पिछले साल की तुलना में 200 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। साल 2023 में साइबर क्राइम से जुड़े मामलों की संख्या एक जनवरी से 30 जून तक 24,000 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जबकि पिछले साल यानी 2022 में इसी अवधि में 7,500 शिकायतें मिली थीं। इतना ही नहीं इस साल ठगी की रकम में भी बढ़ोतरी हुई है। साल 2022 में 42 करोड़ रुपये की ठगी की बात सामने आई थी। जबकि साल 2023 में ये आंकड़ा 168 करोड़ को तक पहुंच गया है। 

ये भी पढ़ें:- Delhi: असली फोन दिखा कर डमी थमाने वाला जालसाज दुकानदार गिरफ्तार, पर्यटकों को बनाता था निशाना

5379487