लुटेरी दुल्हन : भिवानी के खानक गांव के 32 वर्षीय मुंशी गुरपाल के शादी को लेकर बड़े अरमान थे। उसके पिता हजूर सिंह ने बताया कि उसकी तीन बेटी और एक बेटा है। बेटा क्रशर पर मुंशी है। गांव की अनीता ने रिश्ते के लिए बात चलाई। इसके बाद फतेहाबाद के गांव जल्लोपुर निवासी एक स्थानीय पार्टी का नेता रमेश उर्फ लड्‌डू और गांव भूना निवासी रामनिवास ने बात करवाई। उन्होंने शादी के लिए सामान के नाम पर 85 हजार रुपये लिए। 18 जनवरी को पंजाब के संगरूर निवासी रीना कौर के साथ शादी करवाई। 

एक दिन ही रही घर पर 

पिता हजूर सिंह ने बताया कि 18 जनवरी को शादी के बाद बहू घर पर आई थी। एक दिन रहने के बाद 19 जनवरी रात को उसने सभी परिवार वालों को गर्म दूध पीने के लिए दिया। इसके बाद उनकी सुबह ही आंख खुली। शायद उस दूध में कुछ मिला रखा था। सुबह जांच की तो पता चला कि मुंह दिखाई में मिले 10 हजार रुपये, साढ़े तीन तोले सोने के जेवर व चांदी की पायजेब वह अपने साथ ले गई थी। उसके साथ एक आशा नाम की लड़की भी थी, वह भी गायब है। 

अब बिचौलिए नहीं दे रहे जवाब

इसके बाद उन्होंने शादी करवाने वाले बिचौलियों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने कोई सही जवाब नहीं दिया। इसके बाद मामले की शिकायत तोशाम पुलिस को दी। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। हरियाणा में इस तरह दुल्हन के फरार होने के यह कोई पहला मामला नहीं है। 

यह भी पढ़ें : सुहागरात पर लुट गया दूल्हा: दुल्हन ने दूध पिलाकर कर दी ऐसी हरकत कि जानकर उड़ जाएंगे होश