Gurugram Municipal Corporation: गुरुग्राम नगर निगम ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1400 करोड़ का बजट तैयार किया है। साथ ही इस बार 1500 करोड़ रुपए की आय का लक्ष्य तय किया गया है। बुधवार को नगर निगम के अधिकारियों ने आयुक्त के साथ बैठक करने के बाद इस बजट को मंजूरी दी है।

इस बजट को निगम आयुक्त की मंजूरी के बाद अब शहरी स्थानीय निकाय विभाग के पास आखिरी अनुमति के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद सरकार से मंजूरी मिलने के बाद बजट के आधार पर शहर के विकास से जुड़े कार्य शुरू किए जाएंगे।

पिछले साल कितना था निगम का बजट?

गुरुग्राम नगर निगम हर साल फरवरी महीने में विकास कार्यों में खर्च करने का बजट और आय का लक्ष्य निर्धारित करता है। इसमें निगम अपनी पूरी रिपोर्ट तैयार करता है कि किन विकास कार्यों के लिए कितना पैसा खर्च किया जाएगा और किस तरीके से निगम की आय होगी। पिछले 5 सालों से निगम का बजट थोड़ा गड़बड़ चल रहा है, क्योंकि निर्धारित लक्ष्य के हिसाब से आय नहीं हो पा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024-25 में 1550 करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन सिर्फ 940 करोड़ की आय पर सिमट गई। इसके अलावा खर्च करने के लिए 1495 करोड़ रुपए का बजट रखा गया था। इसमें से निगम ने विकास कार्यों के साथ अन्य पर कुल खर्च 1020 करोड़ रुपए ही खर्च किया।

निगम की आय कम हो रही

आंकड़ों के मुताबिक, साल 2019 में निगम के खातों में लगभग 1100 करोड़ रुपए जमा थे, जो कि अब कम होकर मात्र 300 करोड़ रुपए बचे हैं। बता दें कि निगम की आय होने की वजह से जमा पूंजी लगातार कम होती जा रही है। शहर में सड़क और फ्लाईओवर से लेकर अंडरपास, पार्किंग, सफाई और मरम्मत कार्यों में करोड़ों रुपए खर्च होते हैं, लेकिन उसके हिसाब से आय नहीं हो पाती है। इन कार्यों पर निगम के सबसे ज्यादा पैसे खर्च होते हैं, जिसमें कर्मचारियों का वेतन भी शामिल है।

निगम की सबसे ज्यादा आय का स्रोत

जहां एक ओर नगर निगम सबसे ज्यादा रुपए सफाई, विकास कार्य, वेतन और मरम्मत कार्यों में खर्च करती है। वहीं, दूसरी ओर निगम की सबसे ज्यादा आय प्रॉपर्टी टैक्स, स्टांप ड्यूटी और विज्ञापन से होता है। पिछले कुछ सालों से निगम की आय तय किए गए लक्ष्य से काफी कम रही है। हालांकि इस साल भी निगम ने अपना बजट तैयार कर लिया है। इस बार भी बजट से ज्यादा फोकस आय पर रखा गया है। निगम की ओर से बजट को पास करके मुख्यालय के लिए भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में दबंगई दिखाना पड़ा भारी: पुलिस का सायरन लगाकर चला रहा था थार, कटा भारी भरकम चालान