Logo
हरियाणा में फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानसेर, रोहतक, यमुनानगर, हिसार और करनाल में स्थानीय निकायों के चुनाव 2 मार्च को होंगे। पानीपत में 9 मार्च को वोटिंग होगी। अंबाला और सोनीपत में केवल मेयर का चुनाव होगा। कुल 35 स्थानीय निकाय में चुनाव होंगे। इसके 10 दिन बाद मतगणना होगी। अब तबादलों पर रोक रहेगी।

चंडीगढ़। हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव की घोषणा हो गई है। 2 मार्च को वोटिंग होगी और दस दिन बाद 12 मार्च को नतीजे आएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी धनपत सिंह ने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता कर कहा कि चुनाव में नामांकन 11 फरवरी से शुरू होंगे, जो 17 फरवरी तक चलेंगे। धनपत सिंह ने कहा कि कहीं जरूरत पड़ी तो रीपोलिंग 9 मार्च को होगी। 12 मार्च को सुबह 8 बजे से गिनती शुरू होगी। आज से आचार संहिता लागू हो गई है। इस वजह से प्रदेश में अब तबादलों पर रोक लग गई है। जनवरी से ही प्रदेश में चुनावों की घोषणा का इंतजार किया जा रहा था। अब जैसे ही दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार का शोर थमा तो उससे अगले ही दिन हरियाणा में भी स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा हो गई। 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी धनपत सिंह ने कहा कि चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों को घोषणा पत्र देना होगा। उसमें आपराधिक, संपत्ति या अन्य किसी विवाद के बारे में बताना होगा। इस घोषणा पत्र को समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाना होगा। उन्होंने बताया कि मेयर और नगर परिषद के अध्यक्ष के लिए जनता सीधे वोट डालेगी। 

इन जिलों में होंगे मेयर के चुनाव

फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानसेर, रोहतक, यमुनानगर, हिसार और करनाल में मेयर और सभी वार्डों के चुनाव 2 मार्च को होंगे। इसके अलावा दो उपचुनाव अंबाला और सोनीपत में होने हैं। यहां पर सिर्फ मेयर का चुनाव होगा। पानीपत में नामांकन 21 से 27 फरवरी तक होंगे। यहां 28 फरवरी को नामांकन की पड़ताल और 1 मार्च तक वापस लिए जा सकेंगे। पानीपत में वोटिंग 9 मार्च को होगी। सभी जगह नतीजे एक साथ आएंगे।

25 हजार कर्मचारी रहेंगे तैनात

धनपत सिंह ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण करवाने के लिए 25 हजार कर्मचारियों की जरूरत होगी। सुरक्षा के लिए डीजपी को कहा गया है। 4500 बूथों पर वोटिंग होगी। 

यह रहेगा शेड्यूल 

नोटिफिकेशन : 5 फरवरी
नॉमिनेशन : 11 से 17 फरवरी
नाम वापसी : 19 फरवरी
वोटिंग : 2 मार्च 
नतीजे : 12 मार्च 

इन नगर पालिकों व परिषद में भी होंगे चुनाव 

कलायत, पूंडरी, सीवन, बराड़ा, बवानी खेड़ा, फर्रुखनगर, जाखल मंडी, लोहारू, सिवानी, नारनौंद, बेरी, कलानौर, जुलाना, इंद्री, नीलोखेड़ी, अटेली मंडी, तावडू, कनीना, हथीन, खरखौदा और रादौर। पटौदी, सिरसा, अंबाला कैंट और थानेसर नगर परिषद में भी चुनाव होंगे।

निकाय चुनाव से जुड़ी अहम बातें

- आज से ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो जाएगी। आचार संहिता वहां लागू होगी, जहां चुनाव होने हैं। इस दौरान तबादलों पर रोक रहेगी। जरूरी होने पर आयोग से मंजूरी लेकर तबादले हो सकेंगे।
- पानीपत को छोड़कर 11 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 18 को छंटनी, 19 को नामांकन वापसी होगी।
- निगम में मेयर के लिए 10 हजार रुपये व मेंबर के लिए 3 हजार और नगर परिषद में चेयरमैन के लिए 5 हजार व मेंबर के लिए 1500 रुपये जमानत राशि होगी।
- सोहना में सिर्फ अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होना है। जींद के सफीदों के वार्ड नंबर 14 में उपचुनाव होना है। कुरुक्षेत्र में इस्माइलाबाद में अध्यक्ष का उपचुनाव होना है।
- प्रदेश की 21 नगर पालिकाओं में भी चुनाव होंगे।
 

 

 

 

 

5379487